सोनिया, राहुल के खिलाफ फर्जी खबर फैलाने के आरोप में महिला व बांग्लादेशी पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज

बेंगलुरु. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और उनकी मां तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बारे में फर्जी खबर एवं गलत सूचना फैलाने के आरोप में पुलिस ने एक बांग्लादेशी पत्रकार तथा एक भारतीय समाचार पोर्टल की महिला कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाई ग्राउंड्स पुलिस थाने में बांग्लादेशी पत्रकार सलाह उद्दीन शोएब चौधरी तथा समाचार पोर्टल के साथ काम करने वाली अदिति के खिलाफ उनके दावों को सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करने के लिए मामला दर्ज किया गया है. इस मामले के शिकायतकर्ता एवं कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) से जुड़े श्रीनिवास जी के अनुसार, बांग्लादेशी पत्रकार ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर सोनिया गांधी को एक विदेशी जासूसी एजेंसी से जोड़ने वाला एक पोस्ट कथित तौर पर साझा किया. उन्होंने आरोप लगाया कि चौधरी ने गांधी परिवार की सार्वजनिक छवि खराब करने के इरादे से ऐसा किया और पत्रकार ने दो धर्मों के बीच दुश्मनी पैदा करने के लिए ऐसा पोस्ट साझा किया.  श्रीनिवास ने चौधरी पर राहुल गांधी के बारे में कुछ दावे करने का आरोप लगाया.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ”हमें मिली शिकायत के आधार पर, हमने गांधी परिवार के बारे में कथित रूप से गलत सूचना फैलाने के लिए दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना और सद्भाव बनाए रखने के लिए हानिकारक कार्य करना) और 353 (2) (धर्म आदि के आधार पर नफरत पैदा करने के लिए गलत सूचना प्रकाशित या प्रसारित करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.” उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और तदनुसार मामले में कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button