सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली के अस्पताल में भर्ती आजम खान से मुलाकात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Jun 2022 07:40 PM
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली के अस्पताल में भर्ती आजम खान से मुलाकात की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक आजम खान से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में मुलाकात की. यह मुलाकात ऐसे समय में हुई, जब दोनों के बीच मतभेद की अटकलें लगाई जा रही हैं.

सूत्रों ने बताया कि दोनों नेताओं की यह मुलाकात करीब ढाई घंटे चली. उन्होंने बताया कि इस दौरान रामपुर लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर चर्चा हुई. इस साल की शुरुआत में आजम खान के विधायक चुने जाने के बाद लोकसभा की यह सीट खाली हुई है. दोनों नेताओं की मुलाकात लंबे समय बाद हुई है. हाल में खान के सहयोगियों ने अखिलेश यादव पर पार्टी के वरिष्ठ नेता के सीतापुर जेल में होने के दौरान उन्हें नजरअंदाज करने का आरोप लगाया था.

खान को रविवार को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल के ‘मेडिसिन विभाग’ में भर्ती कराया गया था. अस्पताल के एक सूत्र ने कहा, ‘‘ अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे और उन्होंने यहां भर्ती आजम खान से मुलाकात की.’’ अस्पताल के सूत्रों ने मंगलवार को बताया था कि खान की हालत ‘‘पूरी तरह स्थिर’’ है. उच्चतम न्यायालय से धोखाधड़ी के एक मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद खान 20 मई को उत्तर प्रदेश की सीतापुर जेल से रिहा हुए थे.

अखिलेश यादव ने इस मुलाकात के बाद ट्वीट किया, ‘‘ (मैं) आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहा हूं. आप जल्द ठीक होकर वापस लौटें.’’ यादव ने दो तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें खान के अलावा उनके बेटे और रामपुर की स्वार सीट से विधायक अब्दुल्ला आजम और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद हैं.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu