हमारी सरकार संकल्प पत्र में किये हर वादे को पूरा करेगी: भजनलाल शर्मा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Sep 2024 07:27 PM
हमारी सरकार संकल्प पत्र में किये हर वादे को पूरा करेगी: भजनलाल शर्मा
ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार ‘संकल्प पत्र’ में किये गये एक-एक वादे को पूरा करेगी. उन्होंने कहा, ”चुनाव से पहले हमारा एक-एक कार्यकर्ता राजस्थान की जनता के पास गया था और उसने संकल्प पत्र के माध्यम से जनता से जो वादा किया था. मैं आपको आज विश्वास दिलाना चाहता हूं हमारी सरकार उस एक-एक वादे को पूरा करेगी.” शर्मा ने पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नेताओं की ‘बाड़ेबंदी’ पर तंज कसते हुए कहा,”उनके (कांग्रेस) नेता जब समय मिला तब होटलों में बंद थे और अभी हमसे कह रहे है मुख्यमंत्री और मंत्री जी भ्रमण कर रहे हैं.” बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा था कि सरकार पिछले नौ महीने से हर मुद्दे पर विफल है और भाजपा केवल भ्रमण, भाषण और लोगों को भ्रमित करने का काम कर रही है.

शर्मा ने इस पर पलटवार करते हुए कहा, ”कुछ नेता हैं जिन्होंने जब कुछ समय मिला तब वे होटलों में बंद थे और अभी हमसे कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री जी और मंत्री जी भ्रमण कर रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”हमारा सात दिन की समयसारिणी है… सोमवार, मंगलवार बुधवार हमारे मंत्री सचिवालय में बैठेंगे, दो दिन के लिये वे राजस्थान के पूरे क्षेत्र में जायेंगे, एक दिन अपने विधानसभा क्षेत्र में रहेंगे.” उन्होंने चित्तौड़गढ़ के अनगढ़ बावजी में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान कार्यक्रम को संबोंधित करते हुए कहा, ”आपने तो होटलों में मौज की थी. हमारे मंत्री एक-एक ढाणी, गांव और पूरे राज्य में जा रहे हैंङ्घ.आपकी तरह होटलों में नहीं हैं.”

शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश की 200 विधानसभा क्षेत्रों की करीब आठ करोड़ जनता के विकास एवं कल्याण के लिए कृतसंकल्पित होकर कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार ठोस कार्य योजना पर काम कर रही है और 2027 तक किसानों को दिन के समय में भी बिजली उपलब्ध हो सकेगी.

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राज्य सरकार के कृतसंकल्पित होने का दावा करते हुए कहा, ” हमने ‘हरियालो राजस्थान’ के अंतर्गत सात करोड़ से अधिक पेड़ लगाए हैं और एक दिन में दो करोड़ पेड़ लगाकर कीर्तिमान स्थापित किया है. पांच साल में 50 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का हमने लक्ष्य भी निर्धारित किया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu