मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रोजेक्ट ‘जागृति’ के फ्लेक्स का किया विमोचन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Sep 2024 07:14 PM
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रोजेक्ट ‘जागृति’ के फ्लेक्स का किया विमोचन
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास में आयोजित ‘जनदर्शन’ में भिलाई की संस्था ‘स्वयंसिद्धा’ द्वारा संचालित प्रोजेक्ट ‘जागृति’ के फ्लेक्स का विमोचन किया. संस्था द्वारा प्रोजेक्ट ‘जागृति’ के माध्यम से दुर्ग जिले के 200 स्कूलों में बच्चों और पालकों को अभद्र भाषा के इस्तेमाल के विरूद्ध जागरूक किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए इस नई पहल के लिए सदस्यों की पीठ थपथपाई.

मुख्यमंत्री साय को ‘स्वयंसिद्धा’ की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. सोनाली चक्रबर्ती ने बताया कि प्रोजेक्ट ‘जागृति’ के तहत बच्चों और पालकों को गंदी भाषा व अश्लीलता के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक और सेन्सिटाइज किया जा रहा है. दुर्ग जिले के 200 स्कूलों में यह अभियान चलाया जा रहा है. शिक्षक दिवस के मौके पर विगत 5 सितम्बर से यह अभियान प्रारंभ किया गया है. टीवी, मोबाइल, ओटीटी व वेब सीरीज के बुरे प्रभाव के चलते बच्चों की भाषा बेहद चिंताजनक स्थिति में है. इसे सुधारने के लिए संस्था द्वारा यह पहल की गई है. उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट ‘जागृति’ के माध्यम से स्कूली बच्चों की भाषा सुधारने के लिए कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं. साथ ही बच्चों को बिना गाली-गलौज के अच्छी भाषा में बात करने का संकल्प दिलवाया जा रहा है. इसके लिए अभिभावकों के लिए भी अलग से जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu