क्या इजराइल हिज्बुल्ला के साथ युद्ध की तैयारी कर रहा है?

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Sep 2024 07:47 PM
क्या इजराइल हिज्बुल्ला के साथ युद्ध की तैयारी कर रहा है?
ऑडियो सुनें

यरुशलम. इजराइल के रक्षा मंत्री की ओर से युद्ध के ”नए चरण” की घोषणा किये जाने और लेबनान में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में विस्फोट होने के साथ ही इजराइल और हिज्बुल्ला के बीच व्यापक युद्ध होने का खतरा बढ़ गया है. लेबनान में पेजर में हुए धमाकों के एक दिन बाद बुधवार को भी देश के कई हिस्सों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में विस्फोट की घटनाएं हुईं जिनमें कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हो गये.

इजराइल और हिज्बुल्ला के बीच संघर्ष के बीच इन विस्फोटों के बाद तनाव और बढ़ गया है, जिसके एक पूर्ण युद्ध में बदलने का खतरा उत्पन्न हो गया है. संघर्ष के कूटनीतिक समाधान की उम्मीदें तेजी से खत्म होती दिख रही हैं, क्योंकि इजराइल ने देश के उत्तर में यथास्थिति को बदलने की इच्छा जताई है. हाल के दिनों में इजराइल ने एक शक्तिशाली लड़ाकू बल को उत्तरी सीमा तक तैनात कर दिया है और अधिकारियों ने अपनी बयानबाजी तेज कर दी है. इजराइल और हिज्बुल्ला के बीच लड़ाई बढ़ गई है लेकिन दोनों पूर्ण युद्ध से बचने के लिए सतर्क रहे हैं.

सेवानिवृत्त इजराइली ब्रिगेडियर ने कहा, ”आप हजारों लोगों पर हमला करते हैं और सोचते हैं कि युद्ध नहीं होने वाला है.” सेना ने कहा कि उसने इस सप्ताह सीमा पर कई अभ्यास किए हैं. इजराइल की उत्तरी कमान के प्रमुख मेजर जनरल ओरी गॉर्डिन ने कहा, ”मिशन स्पष्ट है. हम जल्द से जल्द सुरक्षा स्थिति की वास्तविकता को बदलने के लिए दृढ़ हैं.” सैन्य गतिविधियों के साथ-साथ इजराइल के नेताओं की ओर से भी तीखी बयानबाजी की गई है. रक्षा मंत्री योआव गैलेंट ने बुधवार रात युद्ध के एक ”नए चरण” की शुरुआत की घोषणा की.

बुधवार को शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक के बाद, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की, ”हम उत्तर के निवासियों को सुरक्षित रूप से उनके घरों तक पहुंचाएंगे.” इजराइली मीडिया ने बुधवार को बताया कि सरकार ने अभी तक यह निर्णय नहीं लिया है कि लेबनान में कोई बड़ा हमला किया जाए या नहीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu