भारत 2014 में 10वें स्थान से आगे बढ़कर 2019 में 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया: पुरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Sep 2024 09:11 PM
भारत 2014 में 10वें स्थान से आगे बढ़कर 2019 में 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया: पुरी
ऑडियो सुनें

ह्यूस्टन (अमेरिका). पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक वृद्धि की सराहना की और कहा कि देश 2014 में 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था जबकि 2019 में ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए वह पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.

ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूत डी.सी. मंजूनाथ द्वारा यहां इंडिया हाउस में आयोजित सामुदायिक स्वागत समारोह में पुरी ने वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र, खासकर हरित हाइड्रोजन और ‘एयरोस्पेस’ (वांतरिक्ष) में ह्यूस्टन की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया.
उन्होंने अमेरिका-भारत रणनीतिक स्वच्छ ऊर्जा साझेदारी को दोनों देशों के बीच भविष्य के सहयोग की आधारशिला बताया.
पुरी ने हाल के चुनावों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दल की राजनीतिक सफलताओं को रेखांकित किया और कहा कि मोदी के शासन में 2014 में 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर देश 2019 तक ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.

मंत्री ने भारत सरकार की महत्वाकांक्षी शहरी विकास पहलों की ओर इशारा करते हुए कहा कि देश ने 2017 से 2024 तक शहरी योजनाओं के लिए 25 अरब अमेरिकी डॉलर (1.57 लाख करोड़ रुपये) खर्च करने की प्रतिबद्धता जतायी है. पुरी ने ऊर्जा नवाचार के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में ह्यूस्टन की सराहना की और कहा कि 2019 में ‘हाउडी मोदी’ जैसे कार्यक्रमों ने भारतीय-अमेरिकी संबंधों की ताकत को दर्शाया है.

मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों, खासकर चिकित्सा तथा इंजीनियरिंग में भारतीय प्रवासियों के योगदान की सराहना की तथा विदेश में रहते हुए भी सांस्कृतिक परंपराओं को बनाए रखने के महत्व पर बल दिया. उन्होंने ह्यूस्टन में गर्मजोशी भरे आतिथ्य सत्कार के लिए भारतीय समुदाय का आभार व्यक्त किया और भारत की वैश्विक छवि को बढ़ाने में उनकी भूमिका की सराहना की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu