
नयी दिल्ली/चंडीगढ. सही मायने में समानता और न्याय के लिए राजनीति में अधिक महिलाओं की भागीदारी पर जोर देते हुए, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वास्तविक परिवर्तन लाने को उत्साहित आधी आबादी से रविवार को ‘शक्ति अभियान’ में शामिल होने का आग्रह किया, जिसका उद्देश्य राजनीति में ‘महिलाओं के हितों के लिए समान अवसर उपलब्ध करना’ है.
राहुल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”एक साल पहले, महिला राजनीति को केंद्र में रखकर हमने ‘इंदिरा फेलोशिप’ की शुरुआत की थी. आज, यह पहल महिला नेतृत्व के एक सशक्त कारवां में बदल चुकी है.” उन्होंने कहा,”राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाए बिना समाज में समानता और न्याय मुमकिन नहीं है. आधी आबादी, पूरा हक. – हिस्सेदारी, कांग्रेस पार्टी की सोच और संकल्प का प्रतीक है.” कांग्रेस नेता ने कहा, ”मैं एक बार फिर ज.मीनी स्तर पर काम करने की इच्छुक महिलाओं से ‘शक्ति अभियान’ से जुड़ने और महिला केंद्रित राजनीति का हिस्सा बनने का आ”ान करता हूं. ‘शक्ति अभियान’ से जुड़कर महिलाएं ब्लॉक स्तर पर सशक्त संगठनों का निर्माण कर रही हैं. उनको सीखने, आगे बढ़ने और बदलाव लाने का अवसर मिल रहा है. आप भी इस बदलाव का हिस्सा बनें और ‘इंदिरा फेलोशिप’ के माध्यम से ‘शक्ति अभियान’ से जुड़ें….
उन्होंने कहा कि साथ मिलकर स्वराज लाएंगे और गांव से लेकर देश तक में बदलाव लाएंगे. ‘शक्ति अभियान’ भारतीय युवा कांग्रेस की एक पहल है, जिसका उद्देश्य राजनीति और निर्णय लेने में ‘महिलाओं के हितों’ के लिए समान अवसर उपलब्ध कराना है, जो शासन के सभी स्तर — स्थानीय निकाय, विधानसभाओं और संसद — पर ‘महिलाओं द्वारा महिलाओं के प्रतिनिधित्व’ से प्रेरित है. इंदिरा फेलोशिप, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सम्मान में राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं की आवाज बुलंद करने और समाज में एक अत्यावश्यक परिवर्तन लाने की पहल है.
हरियाणा चुनाव : प्रचार अभियान के दूसरे चरण के तहत कई जिलों का दौरा करेंगे राहुल गांधी
हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए पूरा जोर लगा रही कांग्रेस के नेता राहुल गांधी राज्य में चुनाव प्रचार अभियान जारी रखेंगे और अपनी ‘हरियाणा विजय संकल्प यात्रा’ के दौरान कई जिलों का दौरा करेंगे. हरियाणा में पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए यह राहुल गांधी के प्रचार का दूसरा चरण होगा. उन्होंने बृहस्पतिवार को करनाल के असंध और हिसार के बरवाला में रैलियों को संबोधित किया था.
अपने प्रचार अभियान के दूसरे चरण में राहुल गांधी के साथ पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाद्रा के भी शामिल होने की संभावना है. कांग्रेस की हरियाणा इकाई ने गांधी के प्रचार अभियान का संभावित कार्यक्रम साझा करते हुए बताया कि वह सोमवार को अंबाला जिले के नारायणगढ. में जनसभा को संबोधित कर अपने चुनाव प्रचार अभियान के दूसरे चरण की शुरूआत करेंगे. जनसभा के बाद ‘हरियाणा विजय संकल्प यात्रा’ यमुनानगर जिले से होकर अंबाला के मुलाना से गुजरेगी.
यात्रा अंबाला में राजीव चौक, साहा, शहीद उधम सिंह चौक, शाहाबाद और कुरुक्षेत्र में बाबैन, लाडवा से भी गुजरेगी, जहां पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर गांधी का स्वागत करेंगे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी ने लाडवा से मैदान में उतारा है. राहुल गांधी के कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार शाम को कुरुक्षेत्र के थानेसर में एक जनसभा होगी. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी तीन अक्टूबर की शाम को प्रचार समाप्त होने तक राज्य में प्रचार करेंगे. उनके साथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी सैलजा समेत प्रदेश कांग्रेस के अन्य नेता भी शामिल होंगे. कांग्रेस 10 साल बाद हरियाणा में सत्ता में लौटने का प्रयास कर रही है.
राहुल ने बृहस्पतिवार को असंध की रैली में बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन पर देश में रोजगार सृजन की प्रक्रिया को ‘व्यवस्थित रूप से’ नष्ट करने का आरोप लगाया था. कांग्रेस नेता ने यह भी विश्वास जताया कि उनकी पार्टी हरियाणा चुनावों में भारी जीत हासिल करेगी. हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होना है और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी.



