हरियाणा में कांग्रेस व जम्मू कश्मीर में ‘गठबंधन’ की सरकार बनेगी: पायलट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 07 Oct 2024 07:49 PM
हरियाणा में कांग्रेस व जम्मू कश्मीर में ‘गठबंधन’ की सरकार बनेगी: पायलट
ऑडियो सुनें

जयपुर. कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोमवार को विश्वास जताया कि हरियाणा में कांग्रेस एवं जम्मू कश्मीर में कांग्रेस अपने सहयोगी गठबंधन के साथ सरकार बनाएगी. इन दोनों राज्यों में हाल ही में विधानसभा चुनाव हुए हैं और वोटों की गिनती मंगलवार को होनी है.

पायलट ने टोंक में संवाददाताओं से कहा, ”कल दो राज्यों (हरियाणा और जम्मू कश्मीर) की मतगणना होगी. जैसा कि फीडबैक मिला है…व्यक्तिगत रूप से मैं मानता हूं कि एक बहुत अच्छे बहुमत के साथ हरियाणा में हम लोग (कांग्रेस) सरकार बनाने जा रहे हैं.’ जम्मू कश्मीर के बारे में उन्होंने कहा, ‘भाजपा ने बहुत कोशिश की…जम्मू कश्मीर के अंदर तरह तरह की सियासी चालें चली हैं, लेकिन वहां पर मुझे लगता है कि स्पष्ट बहुमत हमारे गठबंधन को मिलेगा…जम्मू कश्मीर के सब लोग मिलकर कांग्रेस गठबंधन को बहुमत देंगे और दोनों राज्यों में हमलोग सरकार बनायेंगे.’ पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, ”यह जो चुनाव हुए हैं दोनों जगह…यह बदलाव के चुनाव है.

जम्मू कश्मीर में (उप) राज्यपाल के माध्यम से केन्द्र सरकार शासन चला रही थी.. लोगों ने बदलाव को वोट दिया है… मतदान प्रतिशत अच्छा रहा है.. प्रतिशत ऊंचा हुआ है, और मुझे लगता है, हम लोग दोनों राज्यों में अच्छी सरकार बनाने में कामयाब होंगे.” उन्होंने कहा जहां तक कौन नेतृत्व करेगा उसका चुनाव की एक प्रक्रिया है हमारी पार्टी में… विधायक दल की मीटिंग होती है और पर्यवेक्षक दिल्ली से जाते है अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष को देते है और केन्द्रीय नेतृत्व विधायकों की सलाह के बाद निर्णय करती है कि कौन हमारे विधायक दल का नेता बनेगा.

राजस्थान सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, ‘राजस्थान में जो हालात आज हैं, एक तरह की अनिश्चितता बनी हुई है, लोगों को मालूम नहीं कि सत्ता का केन्द्र क्या है. इतने सारे सत्ता के केन्द्र हैं… संगठन कुछ बोल रहा है, सरकार कुछ बोल रही है.. मंत्री इस्तीफा दे रहे हैं.. लोग उनको मनाने में लगे हुए हैं.’ उन्होंने कहा जब शासन में इतना ‘कन्फ्यूजन’ होगा तो ‘डिलीवरी’ कैसी होगी.. आज एक साल हुआ नहीं है सरकार को और अपना इकबाल, सरकार ने खो दिया है… अपनी विश्वसनीयता खो दी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu