पप्पू यादव के बयान से मेरा और बच्चों का कोई लेना-देना नहीं: रंजीत रंजन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Oct 2024 08:10 PM
पप्पू यादव के बयान से मेरा और बच्चों का कोई लेना-देना नहीं: रंजीत रंजन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य रंजीत रंजन ने अपने पति राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव द्वारा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को चुनौती दिए जाने से जुड़े मामले को लेकर बुधवार को कहा कि पूर्णिया से लोकसभा सदस्य के बयान से उनका और उनके बच्चों का कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ के साथ बातचीत में यह भी कहा कि उनके और पप्पू यादव के बीच कई विषयों पर मतभेद हैं तथा पिछले डेढ़-दो साल से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं.

मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया मंच ”एक्स” पर कहा था कि “अगर कानून द्वारा अनुमति दी गई तो” वह जेल में बंद गैंगस्टर बिश्नोई के “पूरे नेटवर्क को 24 घंटे के भीतर खत्म कर देंगे.” उन्होंने बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के साथ भी एकजुटता जताई थी. खान को भी बिश्नोई गिरोह से धमकियां मिली हैं. इसके कुछ दिनों बाद 28 अक्टूबर को पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से मिली धमकी के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की.

पप्पू यादव के बयान के बारे में पूछे जाने पर रंजीत रंजन ने कहा, ”मेरा और पप्पू जी का राजनीतिक करियर अलग अलग है. हम दोनों के बीच काफी मतभेद भी हैं. (हम) पिछले डेढ़-दो वर्षों से अलग अलग रह रहे हैं. जो भी उनका बयान है, उससे मेरा या मेरे बच्चों कोई लेना-देना नहीं है.” कांग्रेस सांसद का यह भी कहना था, ”जो चल रहा है, वो कानून-व्यवस्था का मामला है और सरकार का मामला है, उनको देखना चाहिए. जो बयान चल रहे हैं, उससे मेरा और मेरे परिवार का कोई लेना-देना नहीं है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu