गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल अमेरिका में पकड़ा गया

मुंबई. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर गोलीबारी के मामले में वांछित अनमोल बिश्नोई को अमेरिका में पकड़ा गया है, जो गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है. मुंबई पुलिस के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और मुंबई पुलिस को अनमोल की तलाश है.

अनमोल के बारे में माना जाता है कि वह कनाडा में रहता है और नियमित रूप से अमेरिका की यात्रा करता है. वह लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है. लॉरेंस पर जेल में रहने के बावजूद वैश्विक आपराधिक गिरोह चलाने का आरोप है. सूत्रों ने अनमोल की हिरासत से संबंधित कोई और ब्यौरा नहीं दिया. सूत्रों ने बताया कि अनमोल कई आपराधिक मामलों में वांछित है, जिसमें 12 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा इलाके में राकांपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सिद्दीकी की हत्या का मामला भी शामिल है.

सूत्रों ने बताया कि इस साल 14 अप्रैल को अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर गोलीबारी की घटना के पीछे भी अनमोल का हाथ बताया गया है. इस महीने की शुरुआत में, एक अधिकारी ने बताया था कि मुंबई पुलिस ने अनमोल बिश्नोई के प्रत्यर्पण के संबंध में केंद्र को एक प्रस्ताव भेजा है, जिसका नाम एनआईए द्वारा दर्ज एक प्राथमिकी में भी है. अधिकारी ने कहा था कि अमेरिकी अधिकारियों द्वारा मुंबई पुलिस को उनके देश में अनमोल बिश्नोई की मौजूदगी के बारे में सूचित करने के बाद यह प्रस्ताव भेजा गया था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button