संसद में हंगामे के लिए भाजपा ने विपक्ष की आलोचना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Nov 2024 07:34 PM
संसद में हंगामे के लिए भाजपा ने विपक्ष की आलोचना की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को विपक्षी पार्टियों की आलोचना करते हुए कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और कुछ राज्यों में हुए उपचुनावों में मिली हार की ‘हताशा’ में संसद की कार्यवाही को बाधित करना विपक्षी दलों के सदस्यों के लिए सही नहीं है.

संसद के शीतकालीन सत्र की सोमवार को हंगामेदार शुरुआत हुई. कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष ने अदाणी समूह के खिलाफ अमेरिकी अभियोजकों के रिश्वतखोरी के आरोपों तथा उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा के मुद्दे को उठाने का प्रयास करते हुए हंगामा किया, जिसके कारण दोनों सदनों की कार्यवाही एक-एक बार के स्थगन के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गयी. विपक्ष के हंगामे के कारण दोनों ही सदनों में शून्यकाल एवं प्रश्नकाल नहीं हो पाए.

वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, ”यदि आप अपनी हार (हाल ही में संपन्न महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनाव) से हताश हैं तो क्या आप संसद नहीं चलने देगे और पलटवार करेंगे? यह सही नहीं है.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सरकार के अन्य नेता इस बात पर जोर दे चुके हैं कि संसद में हर मुद्दे पर चर्चा होगी.
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”आप (विपक्ष) संभल मुद्दे पर भी चर्चा कर सकते थे.” केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सदन की कार्यवाही स्थगित किए जाने को लेकर विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वे ‘जानबूझकर’ व्यवधान पैदा कर रहे हैं क्योंकि वे नहीं चाहते कि संसद की कार्यवाही चले. उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ”यह एक तरह से लोगों पर हमला है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu