
नयी दिल्ली. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संविधान दिवस की पूर्वसंध्या पर सोमवार को दावा किया कि 30 नवंबर 1949 को राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) के मुखपत्र ‘ऑर्गेनाइजर’ ने संविधान पर हमला करते हुए कहा था कि इसमें मनुस्मृति से प्रेरणा नहीं ली गई है.
रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”कल भारत के संविधान को अपनाए जाने की 75वीं वर्षगांठ पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में मनाई जाएगी. दरअसल, आज 25 नवंबर को संविधान सभा में डॉ. आम्बेडकर के उस ऐतिहासिक भाषण की 75वीं वर्षगांठ है, जिसमें उनकी अध्यक्षता वाली समिति द्वारा तैयार संविधान के मसौदे को अंगीकार करने की सिफ.ारिश की गई थी.” उनके मुताबिक, अपने अध्यक्षीय भाषण में आम्बेडकर ने कहा था कि सभा में संविधान के मसौदा का सुगमता से पारित हो जाने का सारा श्रेय कांग्रेस पार्टी को जाता है.
उन्होंने कहा, ”कांग्रेस के प्रति आम्बेडकर ने जो सम्मान व्यक्त किया था उसकी आवाज. जब गूंज ही रही थी, तभी 30 नवंबर 1949 को आरएसएस के मुखपत्र ‘ऑर्गेनाइजर’ ने भारत के संविधान पर हमला करते हुए कहा था कि इसने मनुस्मृति से प्रेरणा नहीं ली है और 11 जनवरी 1950 को, भारतीय गणराज्य के जन्म से कुछ दिन पहले, ख.ुद डॉ. आम्बेडकर की बेहद कटु शब्दों में निंदा की थी.”



