सीमा से पीछे हटने के समझौते को लागू करने में बड़ी प्रगति कर रहे हैं भारत और चीन: चीनी सेना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Nov 2024 08:08 PM
सीमा से पीछे हटने के समझौते को लागू करने में बड़ी प्रगति कर रहे हैं भारत और चीन: चीनी सेना
ऑडियो सुनें

बीजिंग. चीन के रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि पूर्वी लद्दाख में चार साल पहले शुरू हुए गतिरोध को खत्म करने के लिए चीन और भारत की सेनाएं पीछे हटने के समझौते को लागू करने की दिशा में ‘बड़ी प्रगति’ कर रही हैं. रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीनियर कर्नल वू कियान ने यहां मासिक मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए कहा, ”हम चीन और भारत के बीच सामंजस्यपूर्ण तालमेल की भी उम्मीद करते हैं.” उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके चीनी समकक्ष एडमिरल डोंग जून ने पिछले सप्ताह लाओस की राजधानी वियनतियाने में एक क्षेत्रीय सुरक्षा सम्मेलन के दौरान एक सकारात्मक और रचनात्मक बैठक की थी.

उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष संबंधित समझौते को लागू कर रहे हैं. उन्होंने पूर्वी लद्दाख में गतिरोध खत्म करने के लिए पिछले महीने दोनों देशों के बीच हुए समझौते के क्रियान्वयन की प्रगति पर एक सवाल का जवाब देते हुए यह बात कही. वू ने कहा, ”अब, हम बड़ी प्रगति कर रहे हैं.” प्रवक्ता ने कहा कि दोनों मंत्रियों ने शीर्ष नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति को लागू करने और दोनों देशों के बीच स्थिर संबंधों को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की.

वू ने कहा कि दोनों सेनाओं को सीमा क्षेत्रों में तनाव कम करने के लिए हाल में बनी आम सहमति का सख्ती से पालन करना चाहिए, तनाव कम करने के प्रयास करने चाहिए और दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास और आदान-प्रदान बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. उन्होंने कहा, ”हमें उम्मीद है कि दोनों पक्ष इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं और सैन्य संबंधों में नई प्रगति के लिए नई गति का निर्माण कर सकते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu