‘पाताल लोक 2’ का ट्रेलर जारी, हाथी राम चौधरी सुलझाएंगे नई गुत्थी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jan 2025 07:37 PM
‘पाताल लोक 2’ का ट्रेलर जारी, हाथी राम चौधरी सुलझाएंगे नई गुत्थी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. ‘पाताल लोक 2’ का ट्रेलर सोमवार को जारी किया गया जिसमें अभिनेता जयदीप अहलावत ‘जमुनापार’ पुलिस निरीक्षक हाथी राम चौधरी की भूमिका में वापसी करने के साथ नयी गुत्थी सुलझाते नजर आएंगे और इस क्रम में इसके मुख्य किरदार नगालैंड तक पहुंचेंगे.

यह आठ एपीसोड की वेब सीरीज का दूसरा सीजन है. ‘पाताल लोक 2’ को 17 जनवरी से प्राइम वीडियो पर प्रर्दिशत किया जाना है जिसका निर्देशन अविनाश अरुण धावरे ने किया है. यूनोइया फिल्म्स के सहयोग से क्लीन स्लेट फिल्म्स द्वारा निर्मित और अपराध पर केंद्रित इस सीरीज की पटकथा सुदीप शर्मा ने लिखी है जो इसके कार्यकारी निर्माता भी हैं. वर्ष 2020 में ‘सीजन 1’ के प्रीमियर के बाद काफी प्रशंसा पाने वाले अहलावत ने कहा कि पहला सीजन उनके करियर में एक ‘मील का पत्थर’ था.

‘हाथी राम चौधरी’ केवल एक किरदार नहीं था, बल्कि यह समाज और मानवता की जटिलताओं को प्रतिबिंबित करने वाला एक दर्पण बन गया, जिसने दुनिया भर के लाखों लोगों के साथ जुड़ाव स्थापित किया. उन्होंने कहा कि ‘सीजन 2’ में वह ‘हाथी राम’ के मानस में और गहराई के साथ उतरते हैं.

उन्होंने कहा कि नवीनतम ‘सीजन’ उनके अपरिपक्व और कमजोर पक्ष को उजागर करता है क्योंकि वह नई प्रतिकूलताओं, नई नैतिक दुविधाओं और अपनी ही परछाइयों से जूझ रहे हैं. उन्होंने कहा कि ‘सीजन-2’ अधिक गहन, विलक्षण, और मानवीय जटिलताओं से भरा हुआ है जो दर्शकों को बांधे रखेगा. इसमें अहलावत के अलावा इश्वाक सिंह और गुल पनाग ने भी वापसी की है. तिलोत्तमा शोम, नागेश कुकुनूर और जाह्नु बरुआ भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu