बाइडन प्रशासन के अधिग्रहण को रोकने के खिलाफ निप्पॉन, यूएस स्टील ने किया मुकदमा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jan 2025 07:45 PM
बाइडन प्रशासन के अधिग्रहण को रोकने के खिलाफ निप्पॉन, यूएस स्टील ने किया मुकदमा
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. निप्पॉन स्टील और यूएस स्टील ने एक संघीय मुकदमा दायर किया है. इसमें पिट्सबर्ग स्थित यूएस स्टील का अधिग्रहण करने के लिए निप्पॉन के प्रस्तावित लगभग 15 अरब डॉलर के सौदे को रोकने के जो बाइडन प्रशासन के फैसले को चुनौती दी गई है.
कोलंबिया जिले के ‘यूएस कोर्ट ऑफ अपील्स’ में सोमवार को दायर मुकदमे में आरोप लगाया गया कि यह एक राजनीतिक निर्णय था और इसमें उचित प्रक्रिया का उल्लंघन किया गया.

दोनों कंपनियों ने सोमवार को बयान में कहा, ”निप्पॉन स्टील और यूएस स्टील, दोनों ने शुरुआत से ही सभी पक्षों के साथ बातचीत की है, ताकि बताया जा सके कि यह सौदा किस तरह अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को बढ़ाएगा, न कि उसे खतरे में डालेगा.” बयान में कहा गया कि प्रस्तावित सौदे से अमेरिकी इस्पात आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी और चीन से खतरे के खिलाफ अमेरिका के घरेलू इस्पात उद्योग को मजबूती मिलेगी. बयान में यह भी कहा गया कि निप्पॉन स्टील एकमात्र भागीदार है, जो यूएस स्टील में जरूरी निवेश करने के लिए इच्छुक और सक्षम है.

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूएस स्टील को खरीदने के लिए जापान की निप्पॉन स्टील के लगभग 15 अरब अमेरिकी डॉलर के प्रस्तावित सौदे को बीते सप्ताह खारिज कर दिया था. बाइडन ने एक बयान में कहा, ”हमें अमेरिका के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने के लिए अमेरिकी इस्पात विनिर्माण क्षमता के बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रमुख अमेरिकी कंपनियों की जरूरत है.” पिछले महीने अमेरिका में विदेशी निवेश समिति (सीएफआईयूएस) इस सौदे के संभावित राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिमों पर आम सहमति तक पहुंचने में विफल रही थी. समिति ने इस संबंध में एक रिपोर्ट बाइडन को भेजी थी, जिसके बाद यह निर्णय आया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu