हसदेव क्रिएटर्स हब से युवाओं को मिलेगा ग्लोबल मंच: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jan 2025 08:01 PM
हसदेव क्रिएटर्स हब से युवाओं को मिलेगा ग्लोबल मंच: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
ऑडियो सुनें

रायपुर. नए साल में जांजगीर चांपा क्षेत्र के युवाओं को उनकी रचनात्मकता को निखारने के लिए ग्लोबल मंच मिल गया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जांजगीर में हसदेव क्रिएटर हब का शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमार्ट परिसर में स्थापित इस अत्याधुनिक स्टूडियो से सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, क्रिएटर्स व गायकों को अपनी सृजनशीलता और रचनात्मकता को देश-दुनिया के सामने लाने और उसे निखारने का ग्लोबल मंच मिलेगा. इस मौके पर उन्होंने स्टूडियो में पॉडकास्ट के माध्यम से इंटरव्यू भी दिया.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं के उमंग और उत्साह को देखकर मैं भी उत्साहित हूं. उन्होंने कहा कि पहले इस कार्य के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है और बड़ी राशि खर्च करनी पड़ती थी. अब इस स्टूडियो के बन जाने से युवाओं को अपनी क्रिएटीविटी को सबके सामने लाने के लिए काफी सुविधा होगी. यहां रिकार्डिंग के लिए अत्याधुनिक उपकरण और साफ्टवेयर हैं. इस अवसर पर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व विधायक सौरभ सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स उपस्थित थे.

उल्लेखनीय है कि हसदेव क्रिएटर्स हब (हाईटेक स्टूडियो) क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स के लिए सभी आवश्यक उपकरण से लैस है. अत्याधुनिक कैमरे, ड्रोन कैमरे, हाई एंड कंप्यूटर जैसे उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं. शूटिंग के साथ-साथ एडिटिंग के लिए भी सॉफ्टवेयर्स की व्यवस्था की गई है. स्टूडियो में ऑडियो लैब भी बनाया गया है, जहां ऑडियो मिक्सर सॉफ्टवेयर और उपकरणों से ऑडियो रिकॉर्डिंग और मिक्सिंग कर पाएंगे साथ ही पॉडकास्टिंग भी कर पाएंगे.

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टोरेट परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कलेक्टर कार्यालय परिसर पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप चरखा भी चलाया. इसके साथ ही उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रूद्राक्ष के पौधे का रोपण किया.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu