‘गोल्डन ग्लोब’ में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार नहीं जीत पाईं पायल कपाड़िया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jan 2025 10:12 PM
‘गोल्डन ग्लोब’ में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार नहीं जीत पाईं पायल कपाड़िया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. ‘ऑल वी इमेजिन ऐज लाइट’ की निर्देशक पायल कपाड़िया ‘गोल्डन ग्लोब्स’ में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक की श्रेणी में पुरस्कार नहीं जीत पाईं, जबकि ‘द ब्रूटलिस्ट’ के ब्रैडी कॉर्बेट ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार अपने नाम किया. मुंबई में काम करने वाली दो मलयाली नर्स और उनकी दोस्त, जो पेशे से एक रसोइया है, की कहानी कहती फिल्म ‘ऑल वी इमेजिन ऐज लाइट’ को ‘ग्लोब्स’ में सर्वश्रेष्ठ गैर-अंग्रेजी मोशन पिक्चर के लिए भी नामित किया गया था, लेकिन यह पुरस्कार फ्रांस की ‘एमिलिया पेरेज’ को मिला. ‘एमिलिया पेरेज’ 2025 ऑस्कर के लिए फ्रांस की आधिकारिक प्रविष्टि भी है.

सर्वश्रेष्ठ निर्देशक की श्रेणी में नामांकित अन्य लोगों में जैक्स ऑडियार्ड (‘एमिलिया पेरेज’) सीन बेकर (‘अनोरा’), एडवर्ड बर्गर (‘कॉन्क्लेव’) और कोरली फारगेट (‘द सब्सटेंस’) के नाम शामिल थे. आधिकारिक रूप से भारत-फ्रांस के सह-निर्माण में बनी ‘ऑल वी इमेजिन…’ में कनी कुसरुति, दिव्या प्रभा और छाया कदम ने अभिनय किया है. मलयालम-हिंदी फिल्म का निर्माण पेटिट कैओस, चॉक एंड चीज और एनदर बर्थ ने किया है.

कपाड़िया की फिल्म मुंबई में रहने वाली दो मलयाली नर्स और उनकी दोस्ती के ईद-गिर्द घूमती है. पिछले साल मई में कान में इस फिल्म ने ‘ग्रैंड प्रिक्स’ पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया था और ऐसा करने वाली यह पहली भारतीय फिल्म थी. ‘ऑल वी इमेजिन ऐज लाइट’ ने ‘बाफ्टा’ (ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवॉर्ड्स) की सूची में भी स्थान सुरक्षित कर लिया है. अमेरिका में दिया जाने वाला ‘गोल्डन ग्लोब पुरस्कार’ रविवार रात को प्रसारित हुआ और भारत में इसे सोमवार को ‘लायंसगेट प्ले’ पर प्रसारित किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu