आयरलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे श्रृंखला के लिए हरमनप्रीत, रेणुका को आराम, मंधाना करेंगी कप्तानी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jan 2025 10:26 PM
आयरलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे श्रृंखला के लिए हरमनप्रीत, रेणुका को आराम, मंधाना करेंगी कप्तानी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कप्तान हरमनप्रीत कौर और तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर को आयरलैंड के खिलाफ भारतीय महिला टीम की तीन मैचों की घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला के लिए आराम दिया गया है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने 10 जनवरी से राजकोट में शुरू होने वाली श्रृंखला के लिए सोमवार को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की जिसमें हरमनप्रीत की गैरमौजूदगी में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना टीम का नेतृत्व करेंगी.

हरमनप्रीत को पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के दौरान घुटने में चोट लग गई थी. वह इस चोट के कारण शुरुआती दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल सकी थी. उन्होंने तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में टीम में वापसी की और इसके बाद तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में टीम का नेतृत्व किया. इस 35 साल की खिलाड़ी को इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में दुबई में महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान गर्दन में चोट लग गई थी.

टीम की मुख्य तेज गेंदबाज रेनुका वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों में 10 विकेट लेकर श्रृंखला की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गयी थी.
अतीत में वह पीठ की स्ट्रेस फ्रैक्चर से परेशान रही है. ऐसे में कार्यभार प्रबंधन के तहत आयरलैंड के खिलाफ श्रृंखला से विश्राम दिया गया है.

आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रोड्रिग्स, उमा छेत्री (विकेटकीपर), ऋचा घोष (विकेटकीपर), तेजल हसबनिस, राघवी बिस्ट, मिन्नू मणि, प्रिया मिश्रा, तनुजा कंवर, टिटास साधु , साइमा ठाकोर, सयाली सतघरे.

कार्यक्रम (सभी मैच राजकोट में दिन में 11 बजे से खेले जायेंगे) पहला एकदिवसीय: 10 जनवरी

दूसरा एकदिवसीय: 12 जनवरी
तीसरा एकदिवसीय: 15 जनवरी

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu