दक्षिण अबूझमाड़ मुठभेड़: एक अन्य नक्सली का शव बरामद, अब तक कुल पांच शव मिले

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jan 2025 10:26 PM
दक्षिण अबूझमाड़ मुठभेड़: एक अन्य नक्सली का शव बरामद, अब तक कुल पांच शव मिले
ऑडियो सुनें

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ इलाके में शनिवार को नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने सोमवार को एक अन्य नक्सली का शव बरामद किया. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही इस मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है. इस घटना में सुरक्षाबल का एक जवान बलिदान हुआ था. इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है.

उन्होंने बताया कि नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों की सीमा पर दक्षिण अबूझमाड़ के एक जंगल में शनिवार शाम को हुई मुठभेड़ के बाद रविवार को चार नक्सलियों के शव बरामद किए गए थे. इलाके में जारी अभियान के दौरान सोमवार को एक अन्य नक्सली का शव बरामद किया गया.

अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है, जिसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को शुरू किए गए इस अभियान में चार जिलों नारायणपुर, बस्तर, कोंडागांव और दंतेवाड़ा के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवान शामिल थे. मारे गए नक्सलियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है.

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में माओवादियों के दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी) के पीएलजीए प्लाटून नंबर 32 के वरिष्ठ कैडर शामिल हैं. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एके-47 राइफल और सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर) समेत स्वचालित हथियार बरामद किए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में डीआरजी के हेड कांस्टेबल सन्नू करम शहीद हो गए. उन्होंने बताया कि इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है. तीन जनवरी को रायपुर संभाग के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया था. पिछले साल राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 219 नक्सलियों को ढेर किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu