प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर में जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन किया

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 13 Jan 2025 01:55 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर में जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन किया
ऑडियो सुनें

श्रीनगर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग इलाके में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 6.5 किलोमीटर लंबी जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन किया जिससे इस पर्यटक स्थल तक पूरे साल पहुंचना सुलभ हो जाएगा।

जेड-मोड़ सुरंग के निर्माण पर 2,700 करोड़ रुपये की लागत आई है। सुरंग का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री इसके अंदर गए और परियोजना अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने उन निर्माण श्रमिकों से भी मुलाकात की, जिन्होंने सुरंग का निर्माण पूरा करने के लिए कठिन परिस्थितियों में सावधानीपूर्वक काम किया।

उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सुबह करीब पौने 11 बजे श्रीनगर हवाई अड्डे पर उतरे और सुरंग के उद्घाटन के वास्ते सोनमर्ग के लिए रवाना हो गए। वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

पिछले साल सितंबर-अक्टूबर में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद जम्मू-कश्मीर की यह उनकी पहली यात्रा है।
मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में गगनगीर और सोनमर्ग के बीच बनाई गई 6.5 किलोमीटर लंबी दो लेन वाली सड़क सुरंग में आपात स्थिति के लिए समानांतर 7.5 मीटर चौड़ा निकासी मार्ग भी है। यह सुरंग दो दिशाओं के यातायात के लिए होगी।

समुद्र तल से 8,650 फुट की ऊंचाई पर स्थित यह सुरंग भूस्खलन और हिमस्खलन वाले मार्गों से अलग लेह के रास्ते श्रीनगर और सोनमर्ग के बीच सभी मौसम में संपर्क को बढ़ाएगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital