दिल्ली विधानसभा चुनाव: केजरीवाल ने नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए निकाली ‘पदयात्रा’

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 15 Jan 2025 01:13 PM
दिल्ली विधानसभा चुनाव: केजरीवाल ने नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए निकाली ‘पदयात्रा’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा चुनावों के लिए नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए बुधवार को पार्टी कार्यालय से पदयात्रा शुरू की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी सुनीता के साथ सुबह हनुमान मंदिर और वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर वह नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए नयी दिल्ली जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को रवाना हुए।

केजरीवाल ने वाल्मीकि मंदिर में दर्शन करने के बाद कहा, ‘‘मैंने और मेरे परिवार ने भगवान वाल्मीकि का आशीर्वाद लिया है। इसके बाद मैं हनुमान मंदिर जाकर बजरंगबली का आशीर्वाद लूंगा और आज अपना नामांकन दाखिल करूंगा। मुझे उन लोगों के बारे में कुछ नहीं कहना है जो सोचते हैं कि वे एक जोड़ी जूते से दिल्लीवासियों को खरीद सकते हैं।’’ खालिस्तानी समर्थक एक संगठन से अपनी जान को खतरा होने की खबरों पर आप नेता ने कहा कि ईश्वर उनके साथ है।

उन्होंने प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘जाको राखे साइयां मार सके न कोय। भगवान मेरे साथ हैं। जब तक व्यक्ति की जीवनरेखा है, तब तक वह जीवित रहता है। जिस दिन किसी की जीवनरेखा समाप्त हो जाती है, भगवान उसे बुला लेते हैं।’’

वर्ष 2013 से नयी दिल्ली विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे केजरीवाल का मुकाबला इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के परवेश वर्मा और कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित से है। दिल्ली में 70 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए पांच फरवरी को मतदान होना है और आठ फरवरी को यहां मतगणना होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital