महिला ने पति को किडनी बेचने को मजबूर किया, फिर पैसे लेकर प्रेमी संग हुई फरार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Feb 2025 10:38 PM
महिला ने पति को किडनी बेचने को मजबूर किया, फिर पैसे लेकर प्रेमी संग हुई फरार
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में एक महिला ने अपनी बेटी की शिक्षा के लिए रुपये जुटाने के वास्ते पहले पति को कथित तौर पर 10 लाख रुपये में किडनी बेचने को मजबूर किया और फिर पूरा नकद पैसा लेकर प्रेमी संग फरार हो गई. एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. सांकराइल में रहने वाले पति के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की है.

शिकायत के मुताबिक, महिला पिछले एक साल से अपने पति पर किडनी बेचने और कुछ पैसे कमाकर अपना घर बेहतर तरीके से चलाने और अपनी 12 साल की बेटी को अच्छे स्कूल में दाखिला दिलाने के लिए दबाव डाल रही थी. इसके बाद पत्नी ने किडनी के लिए एक खरीदार के साथ 10 लाख रुपये का अनुबंध किया. अपनी पत्नी पर विश्वास करते हुए पति किडनी देने के लिए सर्जरी कराने को तैयार हो गया. पिछले महीने हुई सर्जरी के बाद पति पैसे घर ले आया, तो उसकी पत्नी ने उसे जल्दी ठीक होने के लिए आराम करने और बाहर न निकलने के लिए कहा.

पति ने कहा, ”फिर एक दिन वह घर से चली गई और वापस नहीं लौटी. बाद में मुझे पता चला कि अलमारी से 10 लाख रुपये नकद के साथ कुछ और चीजें गायब हैं.” पति ने कहा कि उसके परिवार ने अंतत? अपने परिचितों की मदद से हावड़ा से बहुत दूर, कोलकाता के उत्तरी उपनगर बैरकपुर में उस घर का पता लगा लिया जहां उसकी पत्नी रह रही थी. उस घर में वह उस आदमी के साथ रह रही थी जिसके साथ वह कथित तौर पर भागी थी. शिकायत के मुताबिक, आरोपी महिला फेसबुक पर उस व्यक्ति से मुलाकात के बाद कथित तौर पर पिछले एक साल से उसके साथ प्रेम संबंध में थी.

हालांकि, जब उसके पति, सास और बेटी उस आदमी के बैरकपुर स्थित घर पहुंचे तो उसने बाहर आने से इनकार कर दिया. पति के परिवार से महिला के प्रेमी ने कथित तौर पर कहा कि वह (महिला) अपने ससुरालियों पर वैवाहिक जीवन के 16 वर्षों के दौरान शारीरिक और मानसिक यातना देने का आरोप लगाते हुए तलाक का मुकदमा दायर करेगी.

पत्रकारों से बातचीत में उस व्यक्ति (कथित प्रेमी) ने इस बात से इनकार किया कि उसने सांकराइल स्थित अपने ससुराल के घर से कोई नकदी ली है और दावा किया कि वह केवल वही पैसे लेकर आई जो उसने बचाए थे. पुलिस ने कहा कि वे कोई भी कार्रवाई शुरू करने से पहले महिला और उसके कथित प्रेमी से पूछताछ करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu