प्रधानमंत्री जनता से कट चुके हैं, सवालों के जवाब नहीं देकर चुनावी भाषण दिया: विपक्ष

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Feb 2025 08:03 PM
प्रधानमंत्री जनता से कट चुके हैं, सवालों के जवाब नहीं देकर चुनावी भाषण दिया: विपक्ष
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों ने मंगलवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण को ‘चुनावी भाषण’ करार दिया और आरोप लगाया कि उन्होंने विपक्ष द्वारा उठाए गए किसी सवाल का जवाब नहीं दिया. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी जनता और उनकी जरूरतों से कट चुके हैं.

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, ”मुझे प्रधानमंत्री के भाषण से हैरानी हुई क्योंकि यह एक चुनावी भाषण था. कल दिल्ली में चुनाव है. उन्होंने सरकार के कामों की सूची बताई है. हम सभी जानते हैं कि विपक्ष ने कई आलोचनाएं की थीं, लेकिन प्रधानमंत्री ने इनका जवाब नहीं दिया.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को राजनीतिक टिप्पणी से बचना चाहिए था क्योंकि यह राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा थी.
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के भाषण में महाकुंभ की भगदड़ में लोगों की मौत पर दुख नहीं जताया गया, जो अफसोस की बात है.

उन्होंने कहा, ”बहुत अफसोस की बात है कि कुंभ में इतनी बड़ी घटना घट गई. सरकार पहले मरने वालों के आंकड़े छिपा रही थी. आज को शोक भी नहीं जताया गया.” उन्होंने कहा, ”इस बात की चिंता है कि देश खिलौने बनाएगा, लेकिन इतने लोगों की जान गई फिर भी कोई दुख नहीं जताया गया.” यादव ने दावा किया कि इस सरकार को लोगों की जान जाने की कोई चिंता नहीं है. तृणमूल कांग्रेस के नेता सौगत रॉय ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने विपक्ष द्वारा उठाए गए किसी एक सवाल का भी जवाब नहीं दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu