टोरेस मामले में गिरफ्तार यूक्रेनी अभिनेता के पास फर्जी जन्म प्रमाणपत्र था : पुलिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Feb 2025 08:48 PM
टोरेस मामले में गिरफ्तार यूक्रेनी अभिनेता के पास फर्जी जन्म प्रमाणपत्र था : पुलिस
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई पुलिस ने यहां की एक अदालत को बताया कि टोरेस निवेश घोटाले में गिरफ्तार यूक्रेन के अभिनेता आर्मेन अटेन के पास फर्जी जन्मप्रमाण पत्र था और आरोपी ने भारतीय नागरिक होने का झूठा दावा किया था. पिछले सप्ताह गिरफ्तार किए गए अभिनेता को सोमवार को यहां की एक अदालत ने पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने अभिनेता की हिरासत बढ़ाने का अनुरोध नहीं किया, लेकिन कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वे नयी रिमांड के लिए आवेदन करेंगे.

पुलिस द्वारा पेश किए गए रिमांड नोट में कहा गया है कि जांच के दौरान अटेन ने दावा किया कि वह भारतीय नागरिक है और उसने जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेज भी पेश किए. पुलिस ने कहा, ”दस्तावेजों की जांच के बाद जन्मप्रमाण पत्र के संबंध में संदेह उत्पन्न हुआ. इसमें उल्लेख किया गया था कि जन्म प्रमाणपत्र बृहन्मुंबई महानगरपालिका के ‘एफ वार्ड’ द्वारा जारी किया गया था. इसलिए उक्त जन्म प्रमाणपत्र का ‘एफ वार्ड’ से सत्यापन किया गया और यह जाली पाया गया.” टोरेस आभूषण ब्रांड के मालिक ‘प्लैटिनम हर्न प्राइवेट लिमिटेड’ पर पोंजी और मल्टी-लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) योजनाओं के माध्यम से निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है.

इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. अधिकारियों के अनुसार, अब तक 10,800 से अधिक निवेशक धोखाधड़ी की शिकायत लेकर मुंबई पुलिस के पास पहुंचे हैं और ज्ञात धोखाधड़ी की राशि 57 करोड़ रुपये से अधिक है. शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कंपनी ने निवेश पर आकर्षक मुनाफे का वादा करके उन्हें ठगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu