भूटान के प्रधानमंत्री की बंगाल यात्रा के बारे में ‘दिल्ली में कुछ चल रहा है’: ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Feb 2025 10:38 PM
भूटान के प्रधानमंत्री की बंगाल यात्रा के बारे में ‘दिल्ली में कुछ चल रहा है’: ममता
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि बुधवार को शुरू हो रहे आठवें ‘बंगाल ग्लोबल बिजनेस सम्मिट (बीजीबीएस)’ में भाग लेने के लिए भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे की पश्चिम बंगाल यात्रा को लेकर ‘दिल्ली में कुछ चल रहा है.’ बनर्जी ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि ‘दिल्ली में कुछ चल रहा है’ से उनका क्या मतलब है.

बनर्जी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”फिलहाल की स्थिति के अनुसार, भूटान के प्रधानमंत्री बुधवार को कोलकाता आ रहे हैं. लेकिन मुझे नहीं पता कि दिल्ली (केंद्र) को इससे कोई परेशानी है या नहीं… उन्होंने (भूटान के प्रधानमंत्री ने) पिछले साल अक्टूबर में ही बीजीबीएस में खुद के मौजूद रहने की पुष्टि की थी.” तोबगे दो दिवसीय इस व्यापारिक कार्यक्रम में विशेष अतिथि हैं.

बनर्जी ने कहा, ”मेरे पास सूचना है कि वह (भूटान के प्रधानमंत्री) कल सुबह यहां पहुंचेंगे. लेकिन मुझे यह भी जानकारी मिल रही है कि (दिल्ली में) कुछ चल रहा है, मैं इसके बारे में निश्चित नहीं हूं… मैं इसके बारे में ज्यादा बात नहीं कर सकती.” हालांकि, बनर्जी ने इस बात पर जोर दिया कि वह तोबगे के दो दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर उत्सुक हैं, क्योंकि उनका मानना ??है कि भारत को अपने ‘मददगार’ पड़ोसियों के साथ मजबूत संबंध रखने चाहिए.

उन्होंने कहा, ”मैं चाहती हूं कि वे (भूटानी प्रतिनिधिमंडल) यहां आए, क्योंकि पश्चिम बंगाल की सीमा भूटान से लगती है. हमें भारत और उसके पड़ोसी देशों, खासकर उन देशों के बीच अच्छे संबंध विकसित करने चाहिए, जो मददगार हैं.” बीजीबीएस बैठक के बारे में बनर्जी ने कहा कि इस कार्यक्रम में 40 देशों के 200 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे. उन्होंने कहा, ”40 देशों में से 20 साझेदार देश हैं. इस कार्यक्रम में 200 से अधिक विदेशी प्रतिनिधि भाग लेंगे.” बनर्जी ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा उद्योगपतियों- मुकेश अंबानी और सज्जन जिंदल ने भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोलकाता आने की पुष्टि की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu