एकता आर कपूर ने पीएम की वेव्स पहल की सराहना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Feb 2025 10:23 PM
एकता आर कपूर ने पीएम की वेव्स पहल की सराहना की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. निर्माता एकता कपूर ने विश्व दृश्य-श्रव्य मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) के पीछे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण की रविवार को प्रशंसा की और कहा कि वह इस पहल में अपना योगदान देने को लेकर उत्साहित हैं. भारत एक से चार मई तक मुंबई में पहले विश्व दृश्य-श्रव्य मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) की मेजबानी करेगा, जिसमें मीडिया संस्थानों के सीईओ और विश्व भर के मनोरंजन जगत की हस्तियां शामिल होंगी.

एकता कपूर वेव्स के सलाहकार बोर्ड की व्यापक डिजिटल बैठक का हिस्सा थीं. यह वैश्विक शिखर सम्मेलन मनोरंजन, रचनात्मकता और संस्कृति की दुनिया को एक साथ लाता है, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को की. उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, ”भारत को वैश्विक मनोरंजन केंद्र बनाने का आपका दृष्टिकोण प्रेरणादायक है. हम इस यात्रा में योगदान देने और इसका हिस्सा बनने के लिए बेहद उत्साहित हैं.” अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, अनिल कपूर, अनुपम खेर, मोहनलाल, रजनीकांत, आमिर खान, एआर रहमान, दिलजीत दोसांझ, अक्षय कुमार, रणबीर कपूर, शेखर कपूर, दीपिका पादुकोण और मिथुन चक्रवर्ती जैसी फिल्मी हस्तियां भी डिजिटल बैठक में शामिल हुई थीं. इससे पहले, अनिल कपूर ने कहा कि वे वेव्स के सलाहकार बोर्ड का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं.

उन्होंने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव संजय जाजू को टैग करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”हमने साथी सदस्यों के साथ बहुत ही व्यावहारिक चर्चा की और हम भारत को वैश्विक मनोरंजन केंद्र बनाने की दिशा में काम करने के लिए उत्सुक हैं.” खेर ने वेव्स को ”अद्भुत पहल” कहा. उन्होंने अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए कहा, ”यह निश्चित रूप से भारत को वैश्विक मनोरंजन केंद्र बनाएगा. आपके दृष्टिकोण को सुनना और बोर्ड के अन्य प्रतिष्ठित सदस्यों की भागीदारी एक स्पष्ट संकेत था कि भारत कुछ वर्षों में वैश्विक स्तर पर मनोरंजन और सांस्कृतिक क्षेत्र का दावोस बन जाएगा.”

चिरंजीवी ने कहा, ”मुझे कोई संदेह नहीं है कि मोदी जी के दिमाग की उपज वेव्स, भारत की ‘सॉफ्ट पावर’ को दुनिया में इसकी हकदार ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी.” सरकार द्वारा वेव्स शिखर सम्मेलन को मनोरंजन क्षेत्र के लिए भारत के वैश्विक आयोजन के रूप में पेश किया जा रहा है, जैसा कि आर्थिक क्षेत्र के लिए दावोस है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu