लॉस एंजिलिस. फिल्मों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और जिन निर्माताओं की फिल्में ऑस्कर में नामित होती हैं, उन्हें अब इसके विवरण का खुलासा करना होगा. पिछले कुछ दिनों में ऑस्कर के लिए नामांकित फिल्मों ”द ब्रूटलिस्ट” और ”एमिलिया पेरेज.” को लेकर विवाद बढ़ गया है तथा कई लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या फिल्मों में एआई का उपयोग उचित है. मनोरंजन पत्रिका ‘वैरायटी’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, निर्माताओं को अब अपनी फिल्म में एआई की मदद से किये गए सभी बदलावों का उल्लेख करना होगा.
रिपोर्ट के अनुसार, ”एकेडमी वर्तमान में एआई के उपयोग के लिए एक वैकल्पिक खुलासा फॉर्म प्रदान करती है, लेकिन संचालक और शाखा कार्यकारी समितियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि प्रत्येक शाखा में एआई का उपयोग कैसे किया गया है, ताकि 2026 के ऑस्कर नियमों में उक्त खुलासे को अनिवार्य किया जा सके, जो अप्रैल में प्रकाशित होने की उम्मीद है. एकेडमी की साइटेक परिषद अनुशंसित भाषा पर काम कर रही है.”
”द ब्रूटलिस्ट” को उस वक्त भारी आलोचना का सामना करना पड़ा, जब यह पता चला कि निर्माताओं ने प्रोडक्शन के बाद एआई का इस्तेमाल किया है. जल्द ही, फिल्म के निर्देशक ब्रैडी कॉर्बेट ने एक बयान जारी कर कहा कि फिल्म में एआई का सीमित उपयोग किया गया था और अभिनेताओं ने पहले हंगेरियन बोली के प्रशिक्षक के साथ अभ्यास किया था. उन्होंने कहा कि फिल्म में इमारतों के रेखाचित्र हाथ से बनाए गए थे.
रिपोर्ट के अनुसार, जैक्स ऑडियार्ड के निर्देशन में बनी ”एमिलिया पेरेज.” के लिए, अभिनेताओं की आवाज को क्लोन करने के लिए एआई का इस्तेमाल किया गया था. रिपोर्ट में कहा गया है कि ”ए कम्प्लीट अननोन” और ”ड्यून: पार्ट 2” सहित अन्य ऑस्कर दावेदारों ने भी कुछ हद तक एआई का उपयोग किया है.