
नोएडा. भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने वाली पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर ने मंगलवार को एक बेटी को जन्म दिया. सूत्रों ने यह जानकारी दी. सीमा ने दो साल पहले अपने चार बच्चों के साथ कथित तौर पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था और धर्म परिवर्तन कर गौतमबुद्ध नगर जिले में सचिन मीणा के साथ रह रही हैं जिसके साथ अब वह शादी करने का दावा करती हैं.
दंपती के अधिवक्ता ए पी सिंह ने बताया कि सीमा ने ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में सुबह चार बजे बेटी को जन्म दिया और जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं. सिंह ने कहा, ”सीमा और सचिन एक बच्ची के माता-पिता बन गए हैं. सीमा ने मंगलवार सुबह चार बजे बेटी को जन्म दिया. जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं. मैं लोगों से सोशल मीडिया के जरिए बच्ची के लिए नाम सुझाने का आग्रह करता हूं.” पाकिस्तान के सिंध प्रांत के जैकोबाबाद की निवासी सीमा मई 2023 में कराची में अपने घर को छोड़कर बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत आ गई थी.
उसने जुलाई में उस समय सुर्खियां बटोरीं, जब भारतीय अधिकारियों ने उसे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा इलाके में 27 वर्षीय सचिन के साथ रहते पकड़ा. कथित तौर पर दोनों 2019 में एक ऑनलाइन गेम खेलते समय संपर्क में आए थे. सीमा के अपने पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर से चार बच्चे हैं, जिसने पहले अपने बच्चों का संरक्षण हासिल करने के लिए एक भारतीय वकील की सेवा ली थी.
जुलाई 2023 में सीमा और सचिन को गिरफ्तार किया गया था. सीमा पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का आरोप है, जबकि सचिन पर अवैध अप्रवासी को शरण देने का मामला दर्ज किया गया था. बाद में दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया. सीमा का दावा है कि सचिन से शादी के बाद उसने हिंदू धर्म अपना लिया है.



