सट्टेबाजी ऐप के लिए प्रचार को लेकर अभिनेता दग्गुबाती, प्रकाश राज समेत अन्य पर मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 20 Mar 2025 07:42 PM
सट्टेबाजी ऐप के लिए प्रचार को लेकर अभिनेता दग्गुबाती, प्रकाश राज समेत अन्य पर मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. सट्टेबाजी ऐप का कथित तौर पर प्रचार करने को लेकर तेलुगु फिल्म अभिनेता राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज, विजय देवरकोंडा समेत छह अभिनेताओं और 19 सोशल मीडिया इंफ्लुएंसरों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है. मियांपुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि अभिनेत्री लक्ष्मी मांचू, प्रणीता और निधि अग्रवाल के खिलाफ भी यह मामला दर्ज किया गया है.

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इन कलाकारों और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने ‘पॉप-अप’ विज्ञापनों और अन्य माध्यमों से सट्टेबाजी ऐप का प्रचार किया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में 19 मार्च को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), जुआ अधिनियम और आईटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

शिकायतकर्ता का कहना है कि जब वह हाल ही में अपनी कॉलोनी के युवाओं से बातचीत कर रहा था, तो उसने पाया कि उनमें से ज्यादातर युवा सट्टेबाजी, जुआ और ऑनलाइन कैसीनो ऐप में निवेश के बारे में चर्चा कर रहे थे, जिनका प्रचार सोशल मीडिया पर फिल्मी हस्तियां और (सोशल मीडिया) इंफ्लुएंसर द्वारा किया जा रहा है. शिकायतकर्ता ने बताया कि वह खुद भी इन ऐप से प्रभावित हुआ था और एक सट्टेबाजी/जुआ/कैसीनो वेबसाइट में पैसे लगाने वाला था, लेकिन उसके परिवार ने उसे ऐसा करने से रोक दिया.

प्राथमिकी में कहा गया है कि शिकायतकर्ता जब सोशल मीडिया ऐप का उपयोग कर रहा था, उसने कई मशहूर हस्तियों और इंफ्लुएंसर को इन अवैध सट्टेबाजी ऐप और वेबसाइट का प्रचार करते देखा. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ये सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और मशहूर कलाकार भारी कमीशन और पारिश्रमिक लेकर अवैध सट्टेबाजी ऐप को बढ़ावा दे रहे हैं. इससे खासतौर पर वे लोग प्रभावित हो रहे हैं जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और पैसों की जरूरत में अपनी मेहनत की कमाई इन ऐप में निवेश कर देते हैं.

शिकायतकर्ता के अनुसार, ये प्लेटफॉर्म सोशल मीडिया पर विज्ञापनों के माध्यम से अपने ऐप का प्रचार कर रहे हैं जिससे ये स्वत? ही लक्षित दर्शकों तक पहुंच रहे हैं. शिकायतकर्ता ने पुलिस से अनुरोध किया कि इन अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म और उन्हें बढ़ावा देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे प्राथमिकी में नामजद लोगों को नोटिस जारी करने वाले हैं. मामले की जांच जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu