दीर अल बलाह (गाजा पट्टी). गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि बृहस्पतिवार रात से इजराइल के हमलों में कम से कम 85 लोग मारे गए हैं, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं. मंत्रालय के रिकॉर्ड प्रभारी अधिकारी जहीर अल-वहीदी ने कहा कि मंगलवार सुबह अचानक बमबारी कर इजराइल द्वारा युद्ध विराम समाप्त करने के बाद से अब तक कुल 592 लोग मारे गए हैं. इस बीच, इजराइली सेना ने कहा कि गाजा पट्टी से मिसाइलें दागे जाने के बाद मध्य इजराइल में हवाई हमले के सायरन बजने लगे. ऐसा प्रतीत होता है कि मंगलवार को इजराइल की बमबारी के बाद से गाजा से यह पहला रॉकेट हमला था.
फलस्तीनियों को अब दक्षिण से उत्तरी गाजा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी: इजराइली सेना
इजराइली सेना ने कहा है कि वह अब फलस्तीनियों को दक्षिण से उत्तरी गाजा में प्रवेश की अनुमति नहीं देगी. इसके साथ ही उसने उत्तरी गाजा में नाकाबंदी फिर से बहाल कर दी है, जो जनवरी के संघर्षविराम से पहले अधिकांश समय युद्ध के दौरान कायम थी. इजराइली सेना ने बृहस्पतिवार को एक घोषणा में लोगों को उत्तर में प्रवेश करने या बाहर जाने के लिए क्षेत्र के मुख्य उत्तर-दक्षिण राजमार्ग का उपयोग करने के खिलाफ चेतावनी दी और कहा कि केवल गाजा के तटीय सड़क से लगते दक्षिण की ओर के मार्ग की अनुमति होगी.