दंतेवाड़ा में मुठभेड़ में 25 लाख रुपये का इनामी माओवादी समेत तीन नक्सली ढेर

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 25 Mar 2025 07:30 PM
दंतेवाड़ा में मुठभेड़ में 25 लाख रुपये का इनामी माओवादी समेत तीन नक्सली ढेर
ऑडियो सुनें

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 25 लाख रुपये के इनामी माओवादी समेत तीन नक्सली मारे गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि मुठभेड़ आज सुबह आठ बजे दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों की सीमा पर स्थित जंगल में हुई, जब सुरक्षार्किमयों का एक दल नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था.

राय ने बताया कि गीदम थाना क्षेत्र के गिरसापारा, नेलगोड़ा, बोडगा और इकेली गांवों के जंगल में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर शुरू किए गए इस अभियान में राज्य पुलिस की दोनों इकाइयों– ‘जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी)’ और ‘बस्तर फाइटर्स’ के जवान शामिल थे. उन्होंने बताया कि गोलीबारी बंद होने के बाद मुठभेड़ स्थल से तीन पुरुष नक्सलियों के शव बरामद किए गए. अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा मुठभेड़ स्थल से एक इंसास राइफल, एक 303 राइफल, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं.

उन्होंने बताया कि मारे गए एक नक्सली की पहचान तेलंगाना के वारंगल निवासी सुधीर उर्फ सुधाकर उर्फ मुरली के रूप में हुई है, जो दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी) का सक्रिय सदस्य था. यह माओवादियों का सबसे मजबूत संगठन है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नक्सली मुरली के सर पर 25 लाख रुपये का इनाम था. उन्होंने बताया कि मारे गए दो अन्य नक्सलियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है.

अधीक्षक ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है. इस कार्रवाई के साथ ही इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 116 नक्सली मारे गए हैं. इनमें से 100 बस्तर संभाग में बीजापुर और दंतेवाड़ा समेत सात जिलों में मारे गए. सुरक्षाबलों ने राज्य के बीजापुर और कांकेर जिलों में 20 मार्च को दो मुठभेड़ों में 30 नक्सलियों को मार गिराया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital