तेलंगाना की सुरंग से निकाला गया दूसरा शव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 25 Mar 2025 07:42 PM
तेलंगाना की सुरंग से निकाला गया दूसरा शव
ऑडियो सुनें

नगरकुरनूल (तेलंगाना). तेलंगाना के नगरकुरनूल में ‘श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कनाल’ (एसएलबीसी) परियोजना की सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने के कारण लगभग एक महीने से अधिक समय से उसके अंदर फंसे सात लोगों में से एक और व्यक्ति का शव मंगलवार को बरामद किया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के अंदर से अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं. नगरकुरनूल के जिलाधिकारी बदावत संतोष ने संवाददाताओं को बताया कि मंगलवार सुबह शव बरामद किया गया है.

उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर शव की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले मनोज कुमार के रूप में हुई है. वह एक परियोजना अभियंता थे. एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मंगलवार सुबह शव निकाला गया है. नियमों के अनुसार शव को पोस्टमार्टम और अन्य प्रक्रियाओं के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. जिलाधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी दी जाएगी. नियमों के अनुसार शव को कुमार के पैतृक स्थान भेजा जाएगा.

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के निर्देशानुसार मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि दुर्घटना में फंसे सभी लोगों का पता लगने तक तलाश अभियान जारी रहना चाहिए.

उन्होंने बताया कि राहत-बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए सुरंग के अंदर चार उत्खनन मशीनों का भी उपयोग किया जा रहा है.
इस बीच, राहत-बचाव अभियान में शामिल एक अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि र्किमयों को मंगलवार तड़के दुर्गंध आने के बाद शव को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया. ‘श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कनाल’ परियोजना की सुरंग का एक हिस्सा 22 फरवरी को ढह जाने के कारण उसमें अभियंताओं और मजदूरों सहित कुल आठ लोग फंस गए थे.

सुरंग के अंदर फंसे हुए लोगों की पहचान मनोज कुमार (उत्तर प्रदेश), श्री निवास (उत्तर प्रदेश), सनी सिंह (जम्मू-कश्मीर), गुरप्रीत सिंह (पंजाब) और संदीप साहू, जेगता जेस, संतोष साहू और अनुज साहू के रूप में हुई है. ये सभी झारखंड के रहने वाले हैं. ‘टनल बोरिंग मशीन’ (टीबीएम) ऑपरेटर के रूप में काम करने वाले गुरप्रीत सिंह का शव नौ मार्च को बरामद किया गया था. उनका शव पंजाब में रहने वाले उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है.

अधिकारियों ने बताया था कि सुरंग के अंदर फंसे हुए सात लोगों को बचाने के लिए 25 राज्यों, केंद्रीय और निजी एजेंसियों के 700 से अधिक र्किमयों को राहत-बचाव अभियान में शामिल किया गया है. अधिकारियों ने सोमवार को हुई आधिकारिक बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को बताया कि सुरंग के 14 किलोमीटर भीतर यह हादसा हुआ है, इसलिए बचाव-अभियान में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है, क्योंकि उक्त जगह पर वेंटिलेशन और रोशनी खराब है. अधिकारियों ने बताया था कि दुर्घटनास्थल का 30 मीटर का क्षेत्र विशेष रूप से खतरनाक माना गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu