कांग्रेस ने ‘संविधान को खत्म करने की सुपारी’ देने का प्रयास किया : कर्नाटक आरक्षण विवाद पर नकवी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 25 Mar 2025 08:10 PM
कांग्रेस ने ‘संविधान को खत्म करने की सुपारी’ देने का प्रयास किया : कर्नाटक आरक्षण विवाद पर नकवी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/बेंगलुरु. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और अल्पसंख्यक मामलों के पूर्व मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कर्नाटक में सरकारी अनुबंधों में मुसलमानों को आरक्षण दिए जाने के मुद्दे को लेकर मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पार्टी ने “संविधान को खत्म करने की सुपारी देने” का प्रयास किया है.

नकवी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि कुछ लोग “अभिव्यक्ति की आजादी” को ” अराजकता का अधिकार” मानते हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कला और प्रतिभा का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन किसी को अपशब्द कहने या अपमानित करने की जानबूझकर की गई कोशिशों पर लगाम लगाई जानी चाहिए.

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “कॉमेडी के नाम पर आलोचना को समाज में डर पैदा करने के लिए पक्षपातपूर्ण दुष्प्रचार या गलत सूचना अभियान में नहीं बदला जाना चाहिए.” कर्नाटक में सरकारी ठेकों में अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षण पर नकवी ने कहा कि कांग्रेस ने “संविधान को खत्म करने की सुपारी देने” का प्रयास किया है. उन्होंने इसे “सांप्रदायिकता के गुनाह के जरिये संविधान की ताकत को हड़पने” की कांग्रेस की साजिश करार दिया. नकवी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस “पूरी तरह से असंवैधानिक और आपराधिक कृत्य” में लिप्त है.

उपमुख्यमंत्री शिवकुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा का समूचे कर्नाटक में विरोध प्रदर्शन

कर्नाटक में मुसलमानों को चार फीसदी आरक्षण देने के लिए संविधान बदलने से जुड़े उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के कथित बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाषा) ने मंगलवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया और उपमुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की.

हालांकि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने सोमवार को ऐसी किसी भी टिप्पणी से इनकार किया और दावा किया कि उनकी बातों को ‘गलत तरीके से पेश’ किया गया. शिवकुमार की यह प्रतिक्रिया सोमवार को भाजपा द्वारा इस मामले पर उनकी कथित टिप्पणियों को लेकर लोकसभा में बार-बार स्थगन के बाद आई है. उनके कथित बयान की निंदा करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और उसके सदस्यों ने आज राज्य के विभिन्न हिस्सों मांड्या, चिकबल्लापुरा, मैसुरु, कलबुर्गी में विरोध प्रदर्शन किया और कर्नाटक सरकार पर ‘तुष्टिकरण की राजनीति’ करने का आरोप लगाया.

प्रदर्शनकारियों ने शिवकुमार से माफी मांगने और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की. बेंगलुरु में, बसवनगुडी, पद्मनाभनगर और राजराजेश्वरी नगर में विरोध प्रदर्शन हुए. भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, ”संविधान बदलने के संबंध में डीके शिवकुमार के बयान की निंदा करते हुए विरोध प्रदर्शन किए गए. राज्यभर के सभी मंडलों, जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए गए. हमारे विधायक, विधान पार्षद, आर अशोक और बी वाई विजयेंद्र जैसे वरिष्ठ पार्टी नेता और पूर्व मंत्री भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए.”

मैसुरु में भाजपा विधायक टीएस श्रीवत्स के नेतृत्व में आंबेडकर प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया, जो अशोकपुरम पुलिस थाने की सीमा के अंतर्गत आता है. ‘जय भीम’ के नारे लगाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और शिवकुमार और कांग्रेस पार्टी पर ‘दलित विरोधी’ और ‘संविधान विरोधी’ होने का आरोप लगाया.

पत्रकारों से यहां बात करते हुए भाजपा विधायक ने उपमुख्यमंत्री को बर्खास्त करने की मांग की और आरोप लगाया कि शिवकुमार द्वारा दिया गया बयान ‘संविधान विरोधी’ है. उन्होंने मांग की कि उनके खिलाफ स्वत? संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया जाना चाहिए और उनके कथित बयान के लिए उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए. बीदर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के ‘आंबेडकर र्सिकल’ पर शिवकुमार का पुतला फूंका और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारे लगाए.

पूर्व केंद्रीय मंत्री भगवंत खुबा ने अन्य भाजपा नेताओं के साथ विरोध प्रदर्शन में भाग लिया और ‘बयान’ की निंदा की. हुबली में भाजपा विधायक महेश तेंगिंकाई के नेतृत्व में शहर के सांगोली रायन्ना चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया. शिवकुमार के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने शिवकुमार की तस्वीर को चप्पलों से पीटा.

कलबुर्गी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल चौक से जिलाधिकारी कार्यालय तक सार्वजनिक ठेकों में मुसलमानों को दिए गए चार प्रतिशत आरक्षण के विरोध में विशाल प्रदर्शन किया और शिवकुमार के कथित बयान की निंदा की. कर्नाटक विधानसभा ने शुक्रवार को विपक्षी भाजपा के कड़े विरोध के बावजूद सार्वजनिक ठेकों में मुसलमानों को चार प्रतिशत आरक्षण देने संबंधी विधेयक पारित कर दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu