नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों तक पहुंच बनाने के लिए एक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम की शुरुआत की. इस कार्यक्रम के तहत ईद के जश्न से पहले मुसलमानों के बीच खाने-पीने की चीजों और महिलाओं के लिए कपड़ों से भरी ‘सौगत-ए-मोदी’ किट वितरित की जा रही है.
इस कार्यक्रम की शुरुआत करने वाले भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि अगले महीने ‘सौगत-ए-मोदी’ कार्यक्रम के तहत अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के आर्थिक रूप से कमजोर सदस्यों के बीच उनके त्योहारों के दौरान इसी तरह की किट वितरित की जाएंगी.
सिद्दीकी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमेशा कहते हैं कि वह 140 करोड़ भारतीयों के अभिभावक हैं और वह सभी त्योहारों में हिस्सा लेते हैं. वह क्रिसमस, ‘ईस्टर’, बैसाखी में हिस्सा लेते हैं और निजामुद्दीन दरगाह व अजमेर शरीफ पर चढ.ाने के लिए ‘चादर’ भेजते हैं.” उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “इसलिए हमने फैसला किया है कि हम अपने गरीब भाई-बहनों को भोजन के साथ किट देंगे. प्रत्येक किट में हमारी बहनों के लिए कपड़े भी होंगे.” सिद्दीकी ने कहा कि इस कार्यक्रम को लागू करने के लिए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के 32,000 कार्यकर्ता लगे हुए हैं, जिनमें राज्य, जिला और मंडल स्तर की इकाइयों के पदाधिकारी भी शामिल हैं.
उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकर्ता देश भर में अपने-अपने क्षेत्रों में (मुस्लिम समुदाय के) लोगों से मिलेंगे और उन्हें प्रधानमंत्री की ओर से ईद की मुबारकबाद देते हुए किट देंगे.” सिद्दीकी ने कहा, “आज (मंगलवार को) दिल्ली और देश के अन्य राज्यों में इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई. हमने लक्ष्य रखा है कि हमारे प्रत्येक कार्यकर्ता इस कार्यक्रम के तहत कम से कम 100 लोगों तक ‘सौगात-ए-मोदी’ किट पहुंचाएं और प्रधानमंत्री की ओर से ईद की मुबारकबाद दें.”