सुसिया. इजराइली सेना के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में हिरासत में लिये गये ऑस्कर विजेता फलस्तीनी निर्देशक हमदान बल्लाल और दो अन्य नागरिकों को एक दिन बाद मंगलवार को रिहा कर दिया गया. वेस्ट बैंक में इजराइली बस्ती के लोगों ने ऑस्कर विजेता वृत्तचित्र ”नो अदर लैंड” के एक फलस्तीनी सह-निर्देशक को सोमवार को पीटा था, जिसके बाद इजराइली सेना ने उन्हें हिरासत में ले लिया था.
समाचार एजेंसी के पत्रकारों के अनुसार, वेस्ट बैंक के किरयात अरबा बस्ती के पुलिस थाने में हमदान बल्लाल और फलस्तीन के दो अन्य नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था. पत्रकारों ने सभी को मंगलवार को थाने से बाहर निकलते हुए देखा. बल्लाल के चेहरे पर चोट के निशान थे और उनके कपड़ों पर खून लगा हुआ था.