मणिपुर: नौ वर्षीय बच्ची का शव बरामद होने के चार दिन बाद दफना दिया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 25 Mar 2025 09:08 PM
मणिपुर: नौ वर्षीय बच्ची का शव बरामद होने के चार दिन बाद दफना दिया गया
ऑडियो सुनें

चुराचांदपुर. मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में पिछले सप्ताह रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई नौ-वर्षीय बच्ची को मंगलवार को दफना दिया गया. शव दफनाये जाने के दौरान बच्ची की मां रो पड़ी और कहा कि उसकी बेटी एक खुशमिजाज एवं बुद्धिमान लड़की थी.
मां ने कहा कि विश्वास करना मुश्किल है कि अब उनकी बच्ची नहीं रही. महिला ने अपनी बेटी के रिकॉर्ड किए गए गाने भी सुनाए.
बच्ची के स्कूल के छात्रों ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई देते हुए पुष्पांजलि अर्पित की.

बच्चों ने अपनी प्रधानाध्यापिका के मार्गदर्शन में विदाई गीत गाये और शव को पारंपरिक शॉल से लपेटा गया. बच्ची 20 मार्च को शाम छह बजे के आसपास लापता हो गई थी, जिसके बाद उसके परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने बताया था कि लड़की का शव शहर के लान्वा टीडी ब्लॉक में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के लिए बने राहत शिविर के पास मिला था. पुलिस के मुताबिक, बच्ची के शरीर, खासकर गले, पर चोट के कई निशान थे तथा खून के धब्बे भी थे.

अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल हुए चुराचांदपुर के विधायक एलएम खौटे ने घटना की निंदा की और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की. नागरिक समाज संगठनों के प्रतिनिधि भी इस दौरान वहां मौजूद रहे. ‘जोमी मदर्स एसोसिएशन’ की प्रवक्ता लिंडा किम ने भी कानून प्रवर्तन एजेंसियों से अपराधियों का पता लगाने और उन्हें न्याय के कटघरे में लाने का आग्रह किया. ऐसा संदेह है कि बच्ची से दुष्कर्म भी हुआ था. पोस्टमार्टम हो चुका है, लेकिन रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है. इस मामले में पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu