युवती की फोटो सोशल मीडिया पर डालने को लेकर फोटोग्राफर की हत्या

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 25 Mar 2025 09:17 PM
युवती की फोटो सोशल मीडिया पर डालने को लेकर फोटोग्राफर की हत्या
ऑडियो सुनें

बलिया. बलिया जिले में सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर एक युवती की फोटो साझा करने को लेकर एक फोटोग्राफर की कथित तौर पर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि रेवती थाना क्षेत्र के खाकी बाबा मठिया के पास गेहूं के खेत में पिछले शनिवार की शाम चंदन बिंद (24) का क्षत-विक्षत शव मिला था. घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

उन्होंने बताया कि मानगढ़ गांव का निवासी चंदन बिंद रानीगंज बाजार में फोटोग्राफी का काम करता था. वह गत 18 मार्च की रात से लापता था. पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम ने बताया कि इस मामले में मृतक के पिता श्याम बिहारी प्रसाद की तहरीर पर उसके गांव के सुरेन्द्र, श्री भगवान, बलि यादव और दीपक यादव तथा बिहार के सारण जिले के रोहित यादव के विरुद्ध हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था.

उन्होंने बताया कि श्याम बिहारी प्रसाद ने तहरीर में उल्लेख किया कि चन्दन को उसके घर से सुरेन्द्र, श्री भगवान, बलि यादव, दीपक यादव और रोहित यादव लेकर गए तथा उसकी हत्या करके शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया. पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी सुरेंद्र यादव और उसके ममेरे भाई रोहित यादव को सोमवार को गिरफ्तार किया गया. दोनों ने चंदन की चाकू से प्रहार करके हत्या करने के बाद उसके शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया था.

उन्होंने बताया कि चंदन सुरेंद्र यादव की बहन से फोन पर बातचीत करता था. सुरेन्द्र की बहन की इस बीच शादी हो गई तो वह उसे ससुराल में भी फोन करता था. सुरेन्द्र ने उसे ऐसा करने से कई बार मना किया, लेकिन चंदन नहीं माना. फहीम ने बताया कि चंदन ने लड़की के ससुराल जाकर भी उससे मिलने की कोशिश की मगर लड़की ने मना कर दिया जिससे चिढ़ कर चंदन ने इंस्टाग्राम पर लड़की की तस्वीरें साझा कर दीं. इस घटना से लड़की के ससुराल वाले नाराज हो गए.

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि लड़की ने अपने मायके में इसकी शिकायत की जिसके बाद सुरेंद्र यादव ने चंदन से बदला लेने की ठानी. उसने होली के दिन चंदन से दोस्ती का नाटक किया, फिर 18 मार्च की रात किसी और के मोबाइल से चंदन को बातचीत के बहाने खेत में बुलाया. फहीम ने बताया कि खेत में पहले से मौजूद सुरेंद्र और उसके दोस्त रोहित यादव ने चंदन पर चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को पास के गेहूं के खेत में फेंक दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu