युद्ध विराम के बाद से इजराइल ने पहली बार बेरूत पर किया हमला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 28 Mar 2025 11:14 PM
युद्ध विराम के बाद से इजराइल ने पहली बार बेरूत पर किया हमला
ऑडियो सुनें

बेरूत. इजराइल-हिजबुल्ला के बीच नवंबर में हुए युद्ध विराम के बाद इजराइल ने शुक्रवार को लेबनान की राजधानी बेरूत पर पहली बार हमला किया. बेरूत में बड़ा धमाका सुना गया और उस क्षेत्र से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया, जहां इजराइल की सेना ने हमला किया. यह हमला पिछले साल 27 नवंबर 2024 को इजराइल और हिजबुल्ला उग्रवादी समूह के बीच युद्ध विराम होने के बाद बेरूत पर पहला हमला था, हालांकि इजराइल ने तब से लगभग रोजाना दक्षिणी लेबनान को निशाना बनाया.

इजराइली सेना ने कहा कि उसने दहियाह के इलाके में हिज़्बुल्ला के ‘ड्रोन स्टोरेज फैसिलिटी’ पर हमला किया, जिसे उसने हिज़्बुल्ला का एक अहम गढ़ बताया. इजराइल ने कहा कि हिज़्बुल्ला नागरिकों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल करता है और उसने लोगों को वहां से चले जाने की पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी. जिस क्षेत्र में हमला किया गया, वह आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र है तथा कम से कम दो स्कूलों के निकट है.

यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब इजराइल की सेना ने लोगों को बेरूत के एक उपनगर के कुछ हिस्सों को खाली करने की तत्काल चेतावनी दी थी और लेबनान से उत्तरी इजराइल में किए गए हमलों का जवाब देने का प्रण लिया था. इजराइल के रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को कहा कि अगर देश के उत्तरी समुदायों में शांति नहीं होगी, तो बेरूत में भी शांति नहीं होगी. हिजबुल्ला ने उत्तरी इजराइल पर हमला करने की बात से इनकार किया और इजराइल पर आरोप लगाया कि वह लेबनान पर हमले जारी रखने का बहाना ढूंढ रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu