उत्तराखंड : गंगोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को सुबह साढ़े 10 बजे खुलेंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Mar 2025 08:45 PM
उत्तराखंड : गंगोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को सुबह साढ़े 10 बजे खुलेंगे
ऑडियो सुनें

उत्तरकाशी. उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर रोहिणी नक्षत्र में सुबह साढ़े दस बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जायेंगे. इसी दिन उत्तरकाशी जिले में स्थित एक अन्य धाम यमुनोत्री के कपाट भी खोले जाएंगे और इसके साथ ही प्रदेश में चारधाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी.

गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि हिंदू नववर्ष व चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के नवरात्रि के पहले दिन रविवार को गंगोत्री धाम के कपाट खुलने का मुहूर्त निकाला गया . उन्होंने बताया कि देवी गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव से 29 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे गंगोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी और भैरों घाटी स्थित भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम करेगी. यहां से अगले दिन 30 अप्रैल की सुबह नौ बजे देवी गंगा की डोली गंगोत्री धाम पहुंचेगी जहां विधिवत पूजा अर्चना और हवन करने के बाद ठीक 10:30 बजे उसके कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जायेंगे.

यमुनोत्री धाम के कपाट भी अक्षय तृतीया के पर्व पर श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे. हालांकि, कपाट खुलने का मुहूर्त छह अप्रैल को यमुना जयंती के अवसर पर तय किया जाएगा. दो अन्य धामों-केदारनाथ और बदरीनाथ के कपाट क्रमश: दो मई और चार मई को खोले जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu