गुलवीर सिंह ने 10 हजार मीटर में अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Mar 2025 07:43 PM
गुलवीर सिंह ने 10 हजार मीटर में अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने अमेरिका के कैलिफोर्निया के सैन जुआन कैपिस्ट्रानो में विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर के टूर्नामेंट द टेन ट्रैक फेस्टिवल की 10 हजार मीटर स्पर्धा में 27 मिनट 00.22 सेकेंड का समय लेकर अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा. हांगझोउ एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता गुलवीर का पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड 27 मिनट 14.88 सेकेंड का था जिसे उन्होंने पिछले साल नवंबर में जापान के हाचियोजी में बनाया था.

बैंकॉक में 2023 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले सेना के 26 वर्षीय गुलवीर ने पिछले साल दो बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया. उन्होंने जापान में इसे बेहतर करने से पहले मार्च में कैलिफोर्निया के सैन जुआन कैपिस्ट्रानो में ही 27 मिनट 41.81 सेकेंड का समय लिया था.

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, ”गुलवीर सिंह ने 27 मिनट 00.22 सेकेंड का समय लेकर 10 हजार मीटर के अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया. वह शनिवार को अमेरिका में द टेन प्रतियोगिता में छठे स्थान पर रहे.” उत्तर प्रदेश के रहने वाले गुलवीर ने पिछले साल 13 मिनट 11.82 सेकेंड के साथ 5000 मीटर में भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था. शनिवार को गुलवीर का लक्ष्य 27 मिनट के बैरियर को तोड़ना था. प्रत्येक लैप के लिए औसत गति से दौड़ने के बावजूद वह 27 मिनट से कम समय में दौड़ पूरी करने के अपने लक्ष्य को हासिल करने से चूक गए.

गुलवीर ने विज्ञप्ति में कहा, ”मैं आधी रेस पूरी होने के समय अपने लक्ष्य की गति से थोड़ा पीछे था जिससे मैं 27 मिनट से कम समय में रेस पूरी करने से चूक गया.” पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ की एक अन्य स्पर्धा में भारत के कार्तिक कुमार ने 28 मिनट 11.34 सेकेंड का समय लेकर आठवां स्थान हासिल किया.

पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में भाग ले रहे राहुल ने तीन मिनट 41.10 सेकेंड के समय से आठवां स्थान हासिल किया. महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में भाग ले रही सीमा ने 32 मिनट 14.66 सेकेंड का समय लेकर 19वां स्थान हासिल किया जबकि अंकिता महिलाओं की 1,500 मीटर दौड़ में चार मिनट 13.97 सेकेंड के समय से तीसरे स्थान पर रहीं. ये सभी एथलीट वर्तमान में कोलोराडो ्प्रिरंग्स में हैं और भारत के विदेशी कोच स्कॉट सिमंस के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu