ओडिशा में बेंगलुरु-कामाख्या एक्सप्रेस पटरी से उतरी, एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Mar 2025 10:54 PM
ओडिशा में बेंगलुरु-कामाख्या एक्सप्रेस पटरी से उतरी, एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल
ऑडियो सुनें

कटक. ओडिशा के कटक जिले में रविवार को एक एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पूर्वी तटीय रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि एसएमवीटी बेंगलुरु-कामाख्या एसी एक्सप्रेस के 11 डिब्बे सुबह 11:54 बजे मंगुली के पास निरगुंडी में पटरी से उतर गए.
रेलवे ने बताया कि मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार निवासी 22 वर्षीय सुवनकर रॉय के रूप में हुई है. इसने बताया कि युवक ट्रेन के पटरी से उतरने के बाद ट्रेन से कूद गया और उसकी मौत हो गई.

हालांकि एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे अधिकारी मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. ईस्ट कोस्ट रेलवे ने एक बयान में यह भी कहा कि एक महिला यात्री को गंभीर चोटें आईं हैं तथा दो अन्य पुरुष यात्रियों को सामान्य चोटें आने पर उनका उपचार किया जा रहा है. बचाव अभियान की निगरानी कर रहे कटक के जिलाधिकारी दत्तात्रेय भाऊसाहेब शिंदे ने पहले कहा था कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए, लेकिन रेलवे ने दावा किया कि घायलों की संख्या तीन है.

एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया, “चार अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वे पटरी से उतरने के कारण घायल नहीं हुए थे. बल्कि, ये लोग बेंगलुरु में इलाज के बाद घर लौट रहे मरीज थे. उन्हें भी पटरी से उतरे डिब्बों से बचाया गया और अस्पताल ले जाया गया.” उन्होंने बताया कि घायलों की संख्या सात नहीं बल्कि तीन है.

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दुर्घटना पर चिंता व्यक्त की और कहा, “अधिकारी घटनास्थल पर हैं, सहायता सुनिश्चित कर रहे हैं और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने में जुटे हैं. सहायता के लिए हेल्पलाइन सक्रिय कर दी गई हैं.” दुर्घटना स्थल से फंसे यात्रियों को लेकर एक विशेष ट्रेन कामाख्या के लिए रवाना हो गई है. इस बीच, रेलवे ने मृतक यात्री और घायलों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की है.

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, “मृतक के परिजनों के लिए पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है. इसी तरह, गंभीर रूप से घायलों के लिए 2.5 लाख रुपये और साधारण रूप से घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है.” हालांकि, पटरी से उतरी ट्रेन के एक दर्जन से अधिक यात्री बीमार हो गए, जिनका इलाज दुर्घटना स्थल के निकट अस्थायी स्वास्थ्य शिविर में किया जा रहा है.

कटक के जिलाधिकारी ने बताया कि कुछ यात्री अचानक वातानुकूलित बोगियों से बाहर आ गए और इलाके में भीषण गर्मी में फंस गए, जिससे उनकी तबीयत खराब हो गई. उन्होंने बताया कि यात्रियों को पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी मुहैया कराया गया. उन्होंने बताया कि सभी घायलों को कटक के सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एससीबी एमसीएच) में भर्ती कराया गया है. एससीबी एमसीएच के प्रशासनिक अधिकारी सुभाष चंद्र रे ने कहा, “एक व्यक्ति की मौत हो गई. सात घायलों में तीन पुरुष और चार महिलाएं हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu