पूनिया और उदित स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे, दहिया और दिनेश कांस्य पदक की दौड़ में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Mar 2025 08:00 PM
पूनिया और उदित स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे, दहिया और दिनेश कांस्य पदक की दौड़ में
ऑडियो सुनें

अम्मान. भारतीय पहलवान दीपक पूनिया और उदित ने रविवार को यहां फाइनल में जगह बनाकर एशियाई चैंपियनशिप में अपने पहले खिताब की उम्मीद बरकरार रखी जबकि प्रतियोगिता के अंतिम दिन दिनेश और मुकुल दहिया कांस्य पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे.

पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे पूनिया ने बेकजात राखिमोव के खिलाफ 92 किग्रा वर्ग के कड़े मुकाबले में जीत के साथ वापसी की. पूनिया को किर्गस्तिान के प्रतिद्वंद्वी से कड़ी टक्कर मिली लेकिन वह क्वार्टर फाइनल में 12-7 से जीत दर्ज करने में सफल रहे.

पूनिया को जापान के ताकाशी इशिगुरो से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद थी लेकिन भारतीय पहलवान ने उन्हें आसानी से 8-1 से हरा दिया. वह अब स्वर्ण पदक के मुकाबले में ईरान के दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी अमीरहुसैन बी फिरोजपोरबांदपेई से भिड़ेंगे. पूनिया ने एशियाई चैंपियनशिप में चार पदक जीते हैं. वह 2021 में अल्माटी और 2022 में उलानबटोर में फाइनल में हार गए थे जबकि 2019 और 2020 में कांस्य पदक जीते.

उदित ने भी 61 किग्रा के फाइनल में जगह बनाकर देश के लिए स्वर्ण पदक की उम्मीद बरकरार रखी है. उन्होंने किर्गस्तिान के बेकबोलोट मिर्जानजार उलु को 9-6 से हराने के बाद चीन के वानहाओ झोउ को 2-0 से शिकस्त दी. उन्होंने पिछले साल रजत पदक जीता था.

दहिया ने भी दो जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई. सिंगापुर के वेंग लुएन गैरी चाउ को दहिया ने बिना अंक गंवाए तकनीकी दक्षता के आधार पर हराने के बाद किर्गस्तिान के दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी मुहम्मद अब्दुल्लाव को 3-1 से शिकस्त दी .
सेमीफाइनल में दहिया को हालांकि ईरान के दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी अबुलफजल वाई रहमानी फिरौजाई के खिलाफ तकनीकी दक्षता के आधार पर शिकस्त झेलनी पड़ी.

दिनेश भी हेवीवेट 125 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचे. भारतीय पहलवान ने क्वार्टर फाइनल में तकनीकी दक्षता के आधार पर चीन के बुहीरदुन हराया लेकिन सेमीफाइनल में मंगोलिया के लखागवागेरेल मुनखतूर के खिलाफ 1-5 से हार गए. हालांकि जयदीप अहलावत (74 किग्रा) को अपने शुरुआती मुकाबले में जापान के हिकारू ताकाता के खिलाफ 5-10 से हार का सामना करना पड़ा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu