गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: PM के कार्यक्रम में जा रही SUV के नदी में गिरने से दो लोगों की मौत, सात घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Mar 2025 08:57 PM
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: PM के कार्यक्रम में जा रही SUV के नदी में गिरने से दो लोगों की मौत, सात घायल
ऑडियो सुनें

गौरेला. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में लोगों को ले जा रही एक एसयूवी रविवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक नदी में गिर गई. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब नौ बजे पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी गांव के पास हुई. उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) में आठ लोग सवार थे और यह मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले से बिलासपुर जा रही थी.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसयूवी चालक ने सोन नदी पर बने पुल पर पहुंचते ही वाहन पर नियंत्रण खो दिया और इसने एक महिला पैदल यात्री को टक्कर मार दी. उन्होंने कहा कि इसके बाद वाहन नदी में गिर गया. उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में महिला पैदल यात्री और चालक की मौके पर ही मौत हो गई तथा एसयूवी में सवार सात अन्य लोग घायल हो गए.

पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतकों की पहचान पंडरीखार गांव की रमिता बाई और एसयूवी चालक बाबू लाल चौधरी के रूप में हुई है.
उन्होंने बताया कि घायलों को गौरेला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से पांच की हालत गंभीर है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोपहर के समय बिलासपुर जिले के मोहभट्ठा गांव में 33,700 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, कार्य की शुरुआत करेंगे और लोकार्पण करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu