डेंजर जोन में 21 शहर! पारा 42 से भी ऊपर, दिल्ली से राजस्थान तक मौसम विभाग ने दे दी चेतावनी

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 07 Apr 2025 11:25 AM
डेंजर जोन में 21 शहर! पारा 42 से भी ऊपर, दिल्ली से राजस्थान तक मौसम विभाग ने दे दी चेतावनी
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: देशभर में गर्मी ने इस बार अप्रैल की शुरुआत से ही रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. दिल्ली समेत पांच राज्यों के 21 शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है.

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक राजधानी दिल्ली को भीषण गर्मी से जूझना पड़ेगा. दिल्ली के अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और ओडिशा के कई हिस्सों में लू की स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग का कहना है कि हवा की रफ्तार में गिरावट के कारण तापमान और अधिक महसूस हो रहा है. आज (सोमवार) सुबह की हवा की गति 8-10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है, जो दोपहर तक घटकर 4-6 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है.

बाड़मेर में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड

राजस्थान के बाड़मेर में रविवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल के पहले सप्ताह में अब तक का सबसे अधिक तापमान है. यह सामान्य से 6.8 डिग्री अधिक है.

गुजरात और अन्य राज्यों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने 6 से 10 अप्रैल तक गुजरात के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है. खासतौर पर सौराष्ट्र और कच्छ के इलाकों में स्थिति और गंभीर हो सकती है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी लू की संभावना जताई गई है.

6 से 11 अप्रैल तक कैसा रहेगा मौसम?

6 अप्रैल: अधिकतम 40°C, न्यूनतम 20°C
7 अप्रैल: अधिकतम 41°C, न्यूनतम 21°C
8 अप्रैल: अधिकतम 41°C, न्यूनतम 22°C
9-11 अप्रैल: अधिकतम 40°C, न्यूनतम 22°C
पूर्वी राज्यों में भी गर्मी का असर

उत्तर प्रदेश (पूर्वी क्षेत्र), झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 10 और 11 अप्रैल को लू चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए भी अलर्ट जारी किया है.

लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह

तेज गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और अधिक पानी पीने की हिदायत दी गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital