भाजपा नेता के आवास पर विस्फोट मामले में दो लोग गिरफ्तार; आईएसआई एवं बिश्नोई की संलिप्तता: पुलिस

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 08 Apr 2025 07:12 PM
भाजपा नेता के आवास पर विस्फोट मामले में दो लोग गिरफ्तार; आईएसआई एवं बिश्नोई की संलिप्तता: पुलिस
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित आवास पर हुए विस्फोट के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने यहां मीडिया को बताया कि अपराध में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-र्सिवसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) ने पंजाब में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की साजिश रची थी और पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करके इसे नाकाम कर दिया है.

शुक्ला ने कहा कि पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया. उन्होंने कहा, ”यह पाकिस्तान की आईएसआई की एक बड़ी साजिश थी. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगी जीशान अख्तर और (पाकिस्तानी गैंगस्टर) शहजाद भट्टी ने साजिश रची थी.” उन्होंने कहा कि ‘बब्बर खालसा इंटरनेशनल’ का संबंध होने की संभावना की भी जांच जारी है.

शुक्ला ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस इस संबंध में केंद्रीय एजेंसियों के संपर्क में भी है. उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस की टीम अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं. आरोपियों के बारे में पूछे जाने पर शुक्ला ने कहा, ”हम जल्द ही और जानकारी देंगे.” उन्होंने मामले में और जानकारी साझा करने से इनकार करते हुए कहा कि इससे जांच प्रभावित होगी. यह पूछे जाने पर कि क्या जीशान वही व्यक्ति है जो बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में शामिल था, उन्होंने कहा, ”हां, आप सही कह रहे हैं.” शुक्ला ने किसी भी खुफिया विफलता से भी इनकार किया.

पुलिस ने बताया कि इस विस्फोट में कालिया के घर की खिड़कियों के शीशे टूट गए और एल्युमीनियम की दीवार (पार्टिशन), आंगन में खड़ी उनकी एसयूवी एवं मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है. कालिया पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष हैं. वह भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं. जब विस्फोट हुआ, उस समय वह अपने घर पर ही थे.

अमृतसर और गुरदासपुर में पिछले चार-पांच महीनों में पुलिस चौकियों को निशाना बनाकर विस्फोट की कई घटनाएं हुई हैं लेकिन यह पहली ऐसी घटना है जिसमें किसी प्रमुख नेता के आवास को निशाना बनाया गया. पिछले महीने अमृतसर में एक मंदिर के बाहर विस्फोट हुआ था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital