दुबई के शहजादे की भारत यात्रा से मजबूत द्विपक्षीय सहयोग का मार्ग प्रशस्त होगा : प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Apr 2025 07:16 PM
दुबई के शहजादे की भारत यात्रा से मजबूत द्विपक्षीय सहयोग का मार्ग प्रशस्त होगा : प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि दुबई के शहजादे शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की भारत की ”विशेष” यात्रा ने मजबूत द्विपक्षीय सहयोग का मार्ग प्रशस्त किया है. मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के प्रभावशाली नेता से मुलाकात के बाद यह बात कही. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दुबई के शहजादे के साथ अलग से बैठक की और बाद में कहा कि भारत सह-उत्पादन और सह-विकास परियोजनाओं सहित रक्षा क्षेत्र में खाड़ी देश के साथ मिलकर काम करने का इच्छुक है.

मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि दुबई ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. अल मकतूम आज सुबह दो-दिवसीय भारत यात्रा पर यहां पहुंचे. मोदी ने कहा, ”दुबई के शहजादे शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम से मिलकर खुशी हुई. दुबई ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.” उन्होंने कहा, ”यह विशेष यात्रा हमारी गहरी मित्रता की पुष्टि करती है तथा भविष्य में और भी मजबूत सहयोग का मार्ग प्रशस्त करती है.” वहीं, रक्षा मंत्री सिंह ने अल मकतूम के साथ अपनी बैठक को ”सार्थक” बताया.

उन्होंने कहा, ”नयी दिल्ली में दुबई के शहजादे, यूएई के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के साथ एक सार्थक बैठक हुई. यूएई के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी भारत के लिए प्राथमिकता है.” सिंह ने कहा, ”आने वाले वर्षों में, हम रक्षा सहयोग, सह-उत्पादन और सह-विकास परियोजनाओं, नवाचार और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं.” उन्होंने कहा कि भारत और यूएई दोनों क्षेत्र में शांति एवं समृद्धि की दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी दुबई के शहजादे से मुलाकात की.

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ”दुबई के शहजादे और यूएई के रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम का भारत की पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है.” उन्होंने कहा, ”हमारे व्यापक सहयोग और जीवंत संबंधों के लिए उनके सकारात्मक विचारों की मैं सराहना करता हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu