मप्र : भूखंड पर जबरिया कब्जे से परेशान पति-पत्नी जमीन पर लोटते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Apr 2025 10:28 PM
मप्र : भूखंड पर जबरिया कब्जे से परेशान पति-पत्नी जमीन पर लोटते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर में अपने भूखंड पर जबरिया कब्जे से परेशान पति-पत्नी मंगलवार को चिलचिलाती गर्मी में तपती जमीन पर लोटते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की. चश्मदीदों ने बताया कि रामचरण और उनकी पत्नी उस वक्त तपती जमीन पर लोटते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जब वहां ”जन सुनवाई” (आम लोगों द्वारा जिला प्रशासन को अपनी शिकायतें दर्ज कराने की साप्ताहिक व्यवस्था) चल रही थी. चश्मदीदों के मुताबिक जिलाधिकारी परिसर में तैनात पुलिसर्किमयों ने दंपती को मनाकर उन्हें तपती जमीन से उठाया और अधिकारियों के पास ले गए.

रामचरण ने संवाददाताओं को बताया, ”तेजाजी नगर में मेरे भूखंड पर दो लोगों ने पिछले दो साल से कब्जा कर रखा है, और वे हमें जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं.” उन्होंने कहा कि वह इस जबरिया कब्जे के बारे में प्रशासन और पुलिस को पहले भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं होने पर उन्हें अपनी पत्नी के साथ जमीन पर लोटते हुए जिलाधिकारी कार्यालय आना पड़ा.

रामचरण ने बताया, ”अधिकारियों ने हमें भरोसा दिलाया है कि वे बुधवार को मौके पर पहुंच कर उचित कार्रवाई करेंगे. अगर हमारी मदद नहीं की गई, तो हमें सरकार के किसी मंत्री और फिर मुख्यमंत्री तक के कार्यालय तक इसी तरह जमीन पर लोटते हुए जाने पर मजबूर होना पड़ेगा.” तेजाजी नगर पुलिस थाने के प्रभारी आदित्य सिंगारिया ने कहा कि अगर रामचरण ने थाने में कोई शिकायत की है, तो उस पर जांच करके उचित कदम उठाया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu