जल्द ही भारत का दुनिया की तीसरी इकोनॉमी बनना तय है : प्रधानमंत्री मोदी

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Wed, 09 Apr 2025 03:32 PM
जल्द ही भारत का दुनिया की तीसरी इकोनॉमी बनना तय है : प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नई दिल्ली में ‘राइजिंग भारत समिट 2025’ को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मैने देश के युवाओं में विकसित भारत बनाने का जनून देखा है। आज दुनिया की नजर भारत पर है और दुनिया की उम्मीद भी भारत से है। कुछ ही वर्षों में हम दुनिया की 11वीं से 5वीं सबसे बड़ी इकोनॉमी बने हैं, बहुत कम समय में, अनेक प्रकार के ग्लोबल चैलेंजेस आए लेकिन भारत रुका नहीं, भारत ने डबल स्पीड से दौड़ लगाई और एक दशक में अपनी के साइज को डबल करके दिखाया है। जो सोचते थे कि भारत स्लो और स्टेडी चलेगा, उन्हें अब फास्‍ट एंड फियरलेस इंडिया दिख रहा है। जल्द ही भारत का दुनिया की तीसरी इकोनॉमी बनना तय है, इसमें भी कोई संदेह नहीं है।

100 दिनों में हमने भविष्य की मजबूत नींव रखी

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की ग्रोथ की इस अभूतपूर्व स्पीड को देश के युवा ड्राइव कर रहा है, उनके एंबीशंस और उनके एस्‍पीरेशंस, युवा भारत की इन्हीं एंबीशंस और एस्‍पीरेशंस को एड्रेस करना आज देश की प्राथमिकता भी है। आज 8 अप्रैल है, कल परसों ही 2025 के 100 दिन पूरे हो रहे हैं, 100 days 2025 का पहला पड़ाव, इन 100 दिनों में जो निर्णय हुए हैं, उनमें भी आपको युवा एस्‍पीरेशंस की ही झलक दिखेगी।

हमने पॉलिसी से पॉसिबिलिटी की राह खोली 

उन्होंने आगे कहा कि इन 100 दिनों में हमने सिर्फ फैसले नहीं लिए हैं, हमने भविष्य की मजबूत नींव रखी है। हमने पॉलिसी से पॉसिबिलिटी की राह खोली है। 12 लाख रुपये तक की इनकम तक टैक्स जीरो का सबसे बड़ा फायदा हमारे यंग प्रोफेशनल्स और आंत्रप्रन्योर्स को मिल रहा है। मेडिकल की 10 हजार नई सीटें, आईआईटी में 6500 नई सीटें यानी एजुकेशन का एक्‍सपेंशन, इनोवेशन का एक्सीलेरेशन, 50 हजार नई अटल टिंकरिंग लैब यानी अब देश के हर कोने में इनोवेशन का दीप जलेगा और एक दीप से जले दीप अनेक ! एआई और स्किल डेवलपमेंट के लिए सेंटर ऑफ एक्‍सीलेंस यूथ को मिलेगा फ्यूचर रेडी बनने का मौका, 10 हजार नई पीएम रिसर्च फेलोशिप, अब आइडिया से इंपैक्ट तक का सफर और आसान होने वाला है।

जब युवा आगे बढ़ेगा, तभी भारत आगे बढ़ेगा

पीएम मोदी ने कहा कि जैसे स्‍पेस सेक्टर खोला गया, वैसे ही अब न्‍यूक्‍लियर एनर्जी सेक्टर भी ओपन किया गया, इनोवेशन को अब सीमाएं नहीं, समर्थन मिलेगा। गिग इकोनॉमी से जुड़े युवाओं को पहली बार सोशल सिक्‍योरिटी का कवच दिया जाएगा। जो पहले दूसरों के लिए इनविजिबल थे, अब वे नीतियों के केंद्र में हैं और एससी, एसटी तथा वुमन आंत्रप्रन्योर्स के लिए दो करोड़ के टर्म लोन, इन सभी निर्णयों का सीधा लाभ भारत के नौजवानों को मिलने वाला है।

सौ दिनों की उपलब्धियों के बारे में बताया

उन्होंने आगे कहा कि भारत ने सेमी क्रायोजेनिक इंजन का सफल परीक्षण करके दिखाया। भारत ने 100 गीगावॉट सोलर कैपेसिटी का ऐतिहासिक पड़ाव पार कर लिया। पीएम मोदी ने आगे कहा कि नेशनल क्रिटिकल मिनरल्स मिशन की शुरुआत हुई और इन्‍हीं 100 दिनों में कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग गठित करने का निर्णय हुआ। किसानों के लिए खाद पर सब्सिडी में बढ़ोतरी का फैसला हुआ यानी अन्नदाता की चिंता सरकार की प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ में 3 लाख से ज्यादा परिवारों ने एक साथ नए घरों में गृह प्रवेश किया। स्‍वामित्‍व योजना के तहत 65 लाख से अधिक प्रॉपर्टी कार्ड सौंपे गए और इतना ही नहीं इन्‍हीं 100 दिनों में दुनिया की सबसे ऊंची टनलों में से एक सोनमर्ग टनल राष्‍ट्र को समर्पित की गई। आईएनएस सूरत, आईएनएस नीलगिरि, आईएनएस वाघशीर भारतीय नौसेना की ताकत में नए नगीने जुड़ गए। सेना के लिए मेड इन इंडिया लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर खरीदी को हरी झंडी मिली।

वक्फ बिल का पास होना सामाजिक न्‍याय के लिए एक और बड़ा और ठोस कदम

मुख्य भाषण में पीएम मोदी ने वक्फ कानून में संशोधन बिल को लेकर कहा कि इस का बिल का पास होना सामाजिक न्‍याय के लिए एक और बड़ा और ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि मैं देश की संसद को, सर्वसमाज के हित में, मुस्लिम समाज के हित में एक शानदार कानून बनाने के लिए बधाई देता हूं। अब वक्फ की पवित्र भावना की भी रक्षा होगी और गरीब-पसमांदा मुसलमान, महिला-बच्चे, सबके हक भी महफ़ूज़ रहेंगे।

वेव्स भारतीय कलाकारों को कंटेंट बनाने और ग्लोबल बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा

पीएम मोदी ने बताया कि अगले महीने मुंबई में इसका बहुत बड़ा आयोजन होने जा रहा है और ये लगातार होते रहने वाला है, एक लंबी व्यवस्था खड़ी हो रही है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां मूवीज, पॉडकास्ट, गेमिंग, म्यूजिक, ए-आर और वी-आर की बहुत ‍जीवंत और रचनात्मक उद्योग है। हमने क्रिएट इन इंडिया (Create in India) का मंत्र लेकर इसे नेक्स्ट लेवल पर ले जाने का फैसला लिया है। वेव्स (WAVES),भारतीय कलाकारों को कंटेंट बनाने और ग्लोबल बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा। और इसके साथ-साथ क्रिएट इन इंडिया, दुनिया भर के आर्टिस्ट्स को भारत में आने का अवसर भी देगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news