ईपीएफओ ने लॉन्च की फेस ऑथेंटिकेशन वाली नई सुविधा, पढें डिटेल्स…

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 10 Apr 2025 01:09 PM
ईपीएफओ ने लॉन्च की फेस ऑथेंटिकेशन वाली नई सुविधा, पढें डिटेल्स…
ऑडियो सुनें

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़ना अब और भी आसान हो गया है. EPFO ने आधार बेस्ड फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) के जरिए यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) जनरेट और एक्टिवेट करने की डिजिटल सुविधा लॉन्च कर दी है.

इस सुविधा का फायदा आप UMANG ऐप के जरिए घर बैठे ही ले सकते हैं. अब तक UAN ज्यादातर नियोक्ताओं द्वारा बनाए जाते थे, जिसमें आधार से जुड़े नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर में गड़बड़ी के कारण कई बार देरी हो जाती थी.

EPFO के मुताबिक 2024-25 में जारी किए गए 1.26 करोड़ UAN में से सिर्फ 44.68 लाख (यानी 35.3%) ही एक्टिव हो पाए. लेकिन इस नई तकनीक से यह परेशानी दूर हो जाएगी.

कर्मचारी खुद बना सकते हैं अपना UAN

अब कर्मचारी खुद अपना UAN बना सकते हैं और वही प्रक्रिया में उसे एक्टिवेट भी कर सकते हैं. आपको सिर्फ UMANG ऐप और AadhaarFaceRD ऐप डाउनलोड करना है. फिर आधार नंबर और उससे लिंक मोबाइल नंबर दर्ज करके फेस स्कैन के जरिए वेरीफिकेशन करना होगा. बस, आपका UAN एक्टिवेट हो जाएगा और आपको SMS के जरिए मिल जाएगा.

इस प्रक्रिया में न तो किसी ऑफिस जाने की जरूरत है और न ही किसी नियोक्ता की मदद लेनी है. EPFO का कहना है कि बायोमेट्रिक फेस ऑथेंटिकेशन से पहचान में कोई गड़बड़ी नहीं होगी और सब कुछ सुरक्षित और सटीक तरीके से होगा. जो कर्मचारी पहले से EPFO से जुड़े हैं लेकिन उनका UAN एक्टिव नहीं है, वे भी इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं.

नियोक्ताओं को EPFO की सलाह

EPFO ने सभी नियोक्ताओं को सलाह दी है कि वे नए कर्मचारियों को इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करें ताकि रजिस्ट्रेशन और ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया सरल हो सके.

इसके अलावा EPFO अब इसी फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का इस्तेमाल पेंशनरों के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट भरने में भी करेगा, जिसमें My Bharat के वॉलंटियर्स घर-घर जाकर मदद करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital