वक्फ पर ईमानदारी से नहीं हुआ था काम, सिर्फ भूमाफियाओं को हुआ लाभ : पीएम मोदी

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Mon, 14 Apr 2025 01:37 PM
वक्फ पर ईमानदारी से नहीं हुआ था काम, सिर्फ भूमाफियाओं को हुआ लाभ : पीएम मोदी
ऑडियो सुनें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर हरियाणा पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले हिसार हवाई अड्डे का उद्घाटन किया और हिसार से अयोध्या के लिए सीधी उड़ान को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद पीएम मोदी ने जहां एक तरफ मंच से वक्फ कानून को लेकर अपनी सरकार की नई नीति के बारे में बताया, वहीं कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए बाबा साहेब अंबेडकर के अपमान का आरोप भी लगाया। 

वक्फ की ज़मीन से गरीबों, बेसहारा महिलाओं और बच्चों का भला होना चाहिए था

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा, “वक्फ के नाम पर लाखों हेक्टेयर जमीन पूरे देश में है। इस जमीन से गरीबों का, बेसहारा महिलाओं-बच्चों का भला होना चाहिए था। अगर ईमानदारी से इसका उपयोग हुआ होता, तो मुसलमानों को साइकिल के पंचर बनाने की जरूरत नहीं होती। इससे सिर्फ भू-माफिया को ही फायदा हुआ। ये माफिया इस कानून के जरिए गरीबों की जमीन लूट रहे थे।”

सैकड़ों विधवा मुस्लिम महिलाओं ने सरकार को पत्र लिखकर वक्फ कानून में बदलाव की मांग की थी

पीएम मोदी ने वक्फ कानून को लेकर की गई गुहार का भी जिक्र किया। बताया कि सैकड़ों विधवा मुस्लिम महिलाओं ने सरकार को पत्र लिखकर वक्फ कानून में बदलाव की मांग की थी, जिसके बाद सरकार ने इसमें संशोधन किया। पीएम मोदी ने कहा, “हमने बहुत बड़ा काम किया है। अब नए वक्फ कानून के तहत किसी भी आदिवासी की जमीन को, हिंदुस्तान के किसी भी कोने में, वक्फ बोर्ड हाथ भी नहीं लगा पाएगा। नए प्रावधान वक्फ की पवित्र भावना का सम्मान करते हुए बनाए गए हैं।”

जब तक बाबा साहेब जीवित थे, कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया

अपने भाषण में पीएम मोदी ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया और आरोप लगाया कि पार्टी ही संविधान की भक्षक बन गई। उन्होंने कहा, “हमें ये भूलना नहीं चाहिए कि कांग्रेस ने बाबा साहेब के साथ क्या किया। जब तक बाबा साहेब जीवित थे, कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया। दो-दो बार उन्हें चुनाव हरवाया। कांग्रेस ने उनकी याद तक मिटाने की कोशिश की। कांग्रेस ने बाबा साहेब के विचारों को भी हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहा। डॉ. अंबेडकर संविधान के संरक्षक थे, लेकिन कांग्रेस संविधान की भक्षक बन गई है।”(इनपुट-आईएएनएस)

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news